Bihar News : आरपीएफ आरा की तत्परता से महिला यात्री को मिला 2.50 लाख रूपये से भरा बैग, बिहिया स्टेशन पर हुई सुरक्षित बरामदगी

Bihar News : आरपीएफ आरा ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का शानदार परिचय देते हुए एक महिला यात्री का ट्रेन में छूटा कीमती बैग सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : आरपीएफ आरा की तत्परता से महिला यात्री को मिला 2
महिला यात्री के सामान बरामद - फोटो : ASHISH

ARA : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आरा ने ऑपरेशन अमानत के तहत तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का ट्रेन में छूटा बैग सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया। बैग में ₹2 लाख 50 हजार नकद के साथ कपड़े एवं अन्य सामान रखे हुए थे। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से महिला की पूरी नकदी और सामान सुरक्षित मिल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरण देवी नामक महिला यात्री गाड़ी संख्या 04051 से किऊल से आरा की यात्रा कर रही थीं। आरा रेलवे स्टेशन पर उतरने के दौरान उनका काले रंग का बैग ट्रेन में ही छूट गया। बैग में ₹2,50,000 नकद और कपड़े रखे हुए थे। बैग छूटने की जानकारी मिलने पर महिला घबराई हुई अवस्था में आरपीएफ पोस्ट आरा पहुंचीं और इसकी सूचना अधिकारियों को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। ऑपरेशन अमानत के तहत बिहिया रेलवे स्टेशन पर शिविर ड्यूटी में तैनात आरपीएफ कर्मियों को सतर्क किया गया। इसके बाद आरपीएफ आरा ने वीडियो कॉल के माध्यम से महिला यात्री की बिहिया में तैनात आरपीएफ कर्मियों से बात कराई। महिला ने संबंधित कोच, बैग रखने के स्थान और उसके रंग सहित अन्य आवश्यक जानकारियां दीं। महिला से मिली जानकारी के आधार पर ट्रेन के बिहिया स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता से खोजबीन शुरू की और संबंधित बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया। वीडियो कॉल के माध्यम से महिला यात्री ने बैग की पहचान भी की। बरामदगी के समय बैग बंद अवस्था में था।

इसके बाद बैग को आरपीएफ पोस्ट आरा लाया गया। यहां महिला यात्री की उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए गवाहों के समक्ष बैग खोला गया और उसके अंदर रखे सामान की जांच की गई। जांच के दौरान ₹2,50,000 नकद सहित सभी सामान सुरक्षित पाए गए। इसके बाद निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार की उपस्थिति में बैग और उसमें रखी पूरी नकदी महिला यात्री को सौंप दी गई।

अपनी पूरी नकदी और सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला यात्री ने खुशी जाहिर की। उन्होंने आरपीएफ आरा की तत्परता, संवेदनशीलता और वीडियो कॉल के माध्यम से अपनाए गए इस प्रभावी तरीके की सराहना की। साथ ही निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं पूरी आरपीएफ टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। महिला ने कहा कि इस सराहनीय पहल से रेलवे सुरक्षा बल के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। आरपीएफ आरा ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और उनके सामान की संरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल सदैव प्रतिबद्ध है।

आशीष की रिपोर्ट