Bihar News: हैदराबाद से घर लौट रहा था युवक, आरा के पास ट्रेन हादसे में मौत, जुर्माने के नाम पर पैसे मांगने से परेशानी का आरोप
Bihar News: हैदराबाद से ट्रेन के जरिए अपने घर वैशाली लौट रहे युवक की आरा रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेन हादसे में मौत हो गई।....
Bihar News: हैदराबाद से ट्रेन के जरिए अपने घर वैशाली लौट रहे 21 वर्षीय युवक की आरा रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेन हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान वैशाली जिले के माहीसौर थाना क्षेत्र के चांदसराय गांव निवासी नितिन कुमार के रूप में हुई है। वह मुकेश राय का पुत्र था और पिछले करीब एक साल से हैदराबाद में रहकर एक निजी कंपनी में काम कर रहा था।
जनों के मुताबिक, नितिन करीब तीन महीने पहले छुट्टी लेकर घर आया था। इसके बाद वह दोबारा हैदराबाद चला गया था। वहां से ट्रेन पकड़कर घर लौटने के दौरान आरा के आसपास हादसा हो गया। बाद में रेलवे ट्रैक के किनारे उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन आरा पहुंचे।
मामले में एक और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। मृतक के चाचा अवधेश कुमार के अनुसार, परिवार को नितिन के फोन से जानकारी मिली थी कि ट्रेन में नशा करने के आरोप में उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके बाद पैसे भेजने के लिए कहा गया। परिजनों ने करीब पांच-छह हजार रुपये भेजे, लेकिन बाद में कथित तौर पर 20 हजार रुपये और मांगे गए।
इससे परिजनों को संदेह हुआ कि मामला सामान्य नहीं है। वे बक्सर की ओर पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी। पुलिस की मदद से उन्हें जानकारी मिली कि एक युवक का शव बरामद हुआ है। पहचान के लिए परिजन आरा पहुंचे, जहां रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिला।नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रेन में उसके साथ वास्तव में क्या हुआ। जुर्माने के नाम पर पैसे मांगने की घटना का संबंध हादसे से था या नहीं, यह भी जांच का विषय है। पुलिस और रेलवे की जांच के बाद ही मौत की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- आशीष कुमार