Deo Surya Kund Chhath Puja:औरंगाबाद के देव सूर्यकुंड में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 10 लाख व्रतियों ने दिया संध्या अर्घ्य

औरंगाबाद के देव स्थित ऐतिहासिक सूर्यकुंड तालाब में छठ महापर्व के तीसरे दिन करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया। इस दौरान डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने भी अर्घ्य अर्पित किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Aurangabad Deo Surya Kund Chhath Puja
औरंगाबाद के देव सूर्यकुंड में उमड़ा आस्था का महासैलाब- फोटो : Reporter

लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को औरंगाबाद के देव स्थित ऐतिहासिक सूर्यकुंड तालाब परिसर में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान भास्कर की पौराणिक और ऐतिहासिक नगरी देव में छठ महापर्व का यह सबसे भव्य और अलौकिक नजारा देखने को मिला, जहां देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई।


सिर पर डलिया और हाथों में अखंड ज्योति लेकर घाट पहुंचे श्रद्धालु 

शाम ढलते ही व्रती महिलाओं और उनके परिजनों का हुजूम सूर्यकुंड की ओर उमड़ पड़ा। व्रतियों के सिर पर पूजा की सूप-डलिया और हाथों में जलती हुई अखंड दीप शिखा इस दृश्य को बेहद पवित्र और मनमोहक बना रही थी। पूरा देव नगर क्षेत्र छठी मईया के पारंपरिक और मधुर लोकगीतों से गूंज उठा।


तालाब में दस लाख व्रतियों ने अर्पित किया प्रथम अर्घ्य 

देव के प्रसिद्ध तालाब के चारों ओर व्रतियों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन और समिति के आंकड़ों के मुताबिक, इस पवित्र तालाब और आसपास के घाटों पर तकरीबन दस लाख छठ व्रतियों ने एक साथ अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला संध्या अर्घ्य अर्पित किया।

सूप, नारियल और ठेकुआ के प्रसाद से सजा पूरा घाट परिसर

तालाब के तट पर सजी दुकानों और श्रद्धालुओं की डलिया में बांस के सूप, नारियल, कंदमूल, मौसमी फल और ठेकुआ का पारंपरिक प्रसाद सुशोभित हो रहा था। हर तरफ भक्तिभाव और अनुशासन का ऐसा अनूठा संगम दिखा, जिसने इस महापर्व की महत्ता को और अधिक बढ़ा दिया।


औरंगाबाद डीएम और एसपी ने भी अर्पित किया अर्घ्य 

इस पावन अवसर पर औरंगाबाद की जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्रनाथ वर्मा ने भी देव के कुष्ठ निवारण तालाब में पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। शीर्ष अधिकारियों की इस सहभागिता से श्रद्धालुओं में और अधिक उत्साह देखने को मिला।


प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था, 24 घंटे सेवा में तत्पर रहने का आश्वासन

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि व्यवस्था को लेकर वे पूरी तरह निश्चिंत रहें, जिला प्रशासन उनकी सेवा में 24 घंटे तत्पर है। वहीं, पुलिस कप्तान ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद बताते हुए अपील की कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और पूरी तरह भयमुक्त होकर अपना अर्घ्य संपन्न करें।

औरंगाबाद से दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट