Chhath Puja: देव में छठ के प्रथम अर्घ्य पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, 12 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद

Chhath Puja: देव में छठ के प्रथम अर्घ्य पर 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने टेंट सिटी, मेडिकल टीम, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

Chhath Puja

Chhath Puja: भगवान भास्कर की नगरी देव में छठ महापर्व के तीसरे दिन प्रथम अर्घ्य के लिए 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। विश्व प्रसिद्ध पश्चिममुखी सूर्य मंदिर और कुष्ठ निवारण तालाब में होने वाले इस महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


श्रद्धालुओं के ठहरने और सुविधाओं की व्यवस्था


जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ठहरने के लिए दो टेंट सिटी बनाई गई हैं। इसके अलावा जगह-जगह मेडिकल टीम तैनात की गई है। बड़ी संख्या में शौचालय, पार्किंग और मेला स्थल तक पहुंचने के लिए मुफ्त वाहनों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जिला प्रशासन 24 घंटे तत्पर रहेगा।


सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में जवान तैनात


पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। पार्किंग के लिए भी अलग-अलग जगहों पर इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सूर्य मंदिर परिसर और कुष्ठ निवारण तालाब पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा बलों की निगरानी के लिए अलग टीम बनाई गई है। जवानों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छठ महापर्व को लेकर देव नगरी पूरी तरह तैयार है।

औरंगाबाद से दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट