बेगुसराय में बेखौफ बदमाश का तांडव: सरेआम दागीं 5 गोलियां,कुख्यात गछिया पासवान पिस्टल संग गिरफ्तार

बेगुसराय के पावर हाउस रोड पर सरेआम दोनों हाथों से फायरिंग करने वाले कुख्यात बदमाश गछिया पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद

Firing in Begusarai Gachhiya Paswan arrested
बेगुसराय में सरेआम फायरिंग गछिया पासवान गिरफ्तार- फोटो : Reporter

बिहार के बेगुसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ नगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड (गाछी टोला) में एक अपराधी ने सरेआम कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुख्यात अपराधी गछिया पासवान उर्फ गाछी पासवान बीच सड़क पर बेखौफ खड़ा होकर दोनों हाथों में पिस्टल थामे हुए था। आम राहगीरों और ई-रिक्शा चालकों की मौजूदगी के बीच उसने आसमान की तरफ तानकर एक के बाद एक 5 राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।


सहयोगियों ने बढ़ाया मनोबल, लोगों ने बनाया वीडियो

फायरिंग के दौरान आरोपी के साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे, जो इस आपराधिक कृत्य में उसका मनोबल बढ़ाते और हौसला अफजाई करते नजर आ रहे थे। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश भी की। इसी बीच मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई।


वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई, पिस्टल और कारतूस बरामद

वीडियो संज्ञान में आते ही नगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मुख्य आरोपी गछिया पासवान को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बहाल करने का प्रयास किया गया है।


फरार सहयोगियों की तलाश तेज, पुराना आपराधिक इतिहास आया सामने

पुलिस प्रशासन के अनुसार, गिरफ्तार गछिया पासवान का पहले से भी कई गंभीर मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, वायरल फुटेज में दिख रहे उसके दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उनकी पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य दोषियों को भी सजा दिलाई जा सके।