Begusarai News: शादी के एक साल बाद भी शुरू नहीं हुआ दांपत्य जीवन, विरोध करने पर साढ़ू ने की पति की हत्या का आरोप

Begusarai News: बेगूसराय के परिहारा में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट में घायल 30 वर्षीय विशाल कुमार की मौत हो गई। शव पहुंचने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।

Begusarai News

Begusarai News:  बिहार के बेगूसराय जिले के परिहारा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल 30 वर्षीय विशाल कुमार की मौत हो गई। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को विशाल का शव परिहारा गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने परिहारा थाना के पास बखरी-खगड़िया मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रवीण चौधरी उर्फ बिट्टू पंडित, उसके परिवार और ससुराल पक्ष के लोगों पर विशाल की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया। साथ ही परिहारा पुलिस पर आरोपितों को बचाने और उन्हें फरार कराने में मदद करने का आरोप लगाया।


एसडीपीओ के आश्वासन के बाद हटाया गया जाम


सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम ऐश्वर्य कश्यप, एसडीपीओ कुंदन कुमार, बीडीओ कुमार मुकेश और परिहारा थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को समझाने की कोशिश की। एसडीपीओ ने घटना में शामिल आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।


शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद की बात आई सामने


जानकारी के अनुसार, परिहारा निवासी राजा चौधरी का बेटा विशाल कुमार और आरोपित प्रवीण चौधरी रिश्ते में चचेरे भाई हैं। बताया जाता है कि प्रवीण ने अपनी साली की शादी विशाल से मल्लहीपुर बीहट गांव में कराई थी। शादी के करीब एक साल बाद भी पति-पत्नी के बीच संबंध स्थापित नहीं हो सका था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।


क्रिकेट बैट से पिटाई करने का आरोप


बताया जाता है कि 9 नवंबर को दीपावली के अगले दिन इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान प्रवीण चौधरी और उसके परिवार के सदस्यों ने क्रिकेट खेलने वाले बल्ले से विशाल की पिटाई कर दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम


मारपीट में घायल विशाल को परिजनों ने इलाज के लिए बेगूसराय के अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


परिहारा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की मां रेखा देवी के आवेदन पर प्रवीण चौधरी समेत उसके परिवार और ससुराल पक्ष के कुल छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, एसडीपीओ कुंदन कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष को नामजद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।