Bihar News : बेगूसराय में विक्षिप्त नाबालिग से युवक ने की दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bihar News : बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र से नाबालिग विक्षिप्त बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। हालाँकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे
BEGUSARAI : जिले के चकिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। वारदात की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बहन के घर आया था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिंघौल थाना क्षेत्र निवासी अमरजीत कुमार (पिता- चमरू महतो) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अमरजीत कुमार चकिया थाना क्षेत्र में अपनी बहन के घर आया हुआ था। इसी दौरान उसने अकेली मौजूद मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग बच्ची को पाकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने और आसपास के लोगों के संज्ञान में बात आते ही मामला उजागर हो गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर भेजा जेल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरजीत कुमार को मौके से हिरासत में ले लिया और थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की। मामले की पुष्टि करते हुए चकिया थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। प्राथमिक जांच के बाद आरोपी अमरजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेजा जा रहा है।
इलाके में आक्रोश, जांच जारी
पुलिस फिलहाल पीड़िता की स्थिति और घटना से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं को लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है और वे आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की गहनता से आगे की जांच जारी है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट