Bihar Crime News : बेगूसराय में बदमाशों ने दिनदहाड़े की प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

Bihar Crime News : बेगूसराय में बदमाशों ने दिनदहाड़े की प्रॉ

BEGUSARAI : बेगूसराय से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

दरअसल मामला सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदाह 49 नंबर ढाला के पास का है। मृतक प्रॉपर्टी डीलर की पहचान सिंघौल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 निवासी गिरजानंद चौधरी के पुत्र वरुण सिंह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वरुण सिंह अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जमीन देखकर घर लौट रहे थे। तभी एक ही बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान वरुण सिंह को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं अपराधी ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। 

स्थानीय लोगों की मदद से घायल वरुण सिंह को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष और सदर डीएसपी आनंद पांडे मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। इस घटना के संबंध में बेगूसराय के सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया है कि एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 

हालांकि जांच में पता चला कि जमीनी विवाद के कारण ही प्रॉपर्टी डीलर वरुण सिंह को गोली मारकर हत्या हुई है। अपराधी को चिन्हित कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के छापेमारी जारी है। हालांकि जिस तरीके से बेख़ौफ़ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर हत्या की है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि पुलिस का इकबाल अपराधी के बीच खत्म हो चुका है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट