Bihar Politics : लालू-राबड़ी की सुरक्षा पर नहीं थम रहा सियासी बवाल, एनडीए के हमले से भड़के आरजेडी विधायक बोगो सिंह, कहा- 'ईमानदारी से समीक्षा करे सरकार'

Bihar Politics : राजद के मटिहानी से विधायक बोगो सिंह ने साफ तौर पर कहा कि हमारे नेताओं की सुरक्षा को लेकर जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, वह बेहद निंदनीय है।

Bihar Politics : लालू-राबड़ी की सुरक्षा पर नहीं थम रहा सियास
एनडीए पर भड़के बोगो सिंह - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : बिहार में वीआईपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल के मटिहानी से विधायक नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व यानी लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर सरकार और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमारे नेताओं की सुरक्षा को लेकर जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, वह बेहद निंदनीय है।

विधायक बोगो सिंह ने एनडीए के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें सरकार के पक्ष में अनावश्यक बयानबाजी न करने की नसीहत दी। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि एनडीए के कुछ लोग जिस तरह से लगातार सरकार का पक्ष रखने के लिए हमारे शीर्ष नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बना रहे हैं, उन्हें इस मामले में संयम बरतना चाहिए और किसी भी फैसले या बयान पर आगे बढ़ने से पहले पूरी गंभीरता दिखानी चाहिए।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा श्रेणियों की तुलना करते हुए आरजेडी विधायक ने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले की पूरी ईमानदारी से समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा के मानकों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जेड प्लस (Z+) सुरक्षा श्रेणी दी गई है, जबकि दूसरी तरफ लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती की बातें हो रही हैं। उन्होंने सरकार के इस दोहरे रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई है।

बोगो सिंह ने सिर्फ लालू-राबड़ी ही नहीं, बल्कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि विपक्ष के प्रमुख नेता होने के बावजूद तेजस्वी यादव के सुरक्षा घेरे से भी सुरक्षा गार्ड्स को वापस लेने का काम किया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित कदम बताते हुए कहा कि विपक्ष के प्रमुख चेहरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना किसी भी दृष्टिकोण से न्यायसंगत नहीं है।

आखिर में आरजेडी विधायक ने पार्टी की एकजुटता और आगामी रणनीतियों पर बात करते हुए कहा कि वे अपने नेताओं और पार्टी के हर निर्देश का पालन करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस दिन भी पार्टी आलाकमान की तरफ से कोई बड़ा निर्णय लिया जाएगा या आंदोलन की रूपरेखा तय होगी, वे और उनके समर्थक चौबीसों घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार बैठे हैं।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट