Begusarai Fire: बेगूसराय में शॉर्ट सर्किट बना तबाही की वजह, मीटर से उठी चिंगारी, सिलेंडर धमाके के बाद चार घर राख
Begusarai Fire: बेगूसराय जिले में बिजली के मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते भीषण अग्निकांड का रूप ले लिया।...
Begusarai Fire: बेगूसराय जिले में बिजली के मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते भीषण अग्निकांड का रूप ले लिया। नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव स्थित गाछी टोला वार्ड संख्या-7 में सोमवार को लगी आग ने एक ही परिवार के चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत दिनेश सहनी के घर में लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से हुई। कुछ ही मिनटों में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और सूरज कुमार, भोला कुमार तथा राजा कुमार के घर भी आग की जद में आ गए। देखते ही देखते चारों घर जलकर खाक हो गए।
इस अग्निकांड में एक मोटरसाइकिल, साइकिल, नगदी, सोने-चांदी के जेवर, अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत घर का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने इस हादसे में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी कुछ ही पलों में राख के ढेर में तब्दील हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नीमा चांदपुरा थाना पुलिस और बिहार अग्निशमन सेवा की मिनी कॉल-101 टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक दी गई।राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि प्रशासन नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को राहत दिलाने की प्रक्रिया में जुटा है। इस घटना ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा और शॉर्ट सर्किट से बचाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री