Bihar Ganga Drowning: गंगा की बेदर्द लहरों ने छीन लीं दो जिंदगियां, चाचा को बचाने कूदा भतीजा, दोनों की मौत

Bihar Ganga Drowning:गंगा की तेज धारा ने एक परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि चाचा-भतीजे की एक साथ मौत हो गई...

Uncle Nephew Drown in Bihar Ganga Current Bodies Recovered
गंगा की बेदर्द लहरों ने छीन लीं दो जिंदगियां- फोटो : reporter

Bihar Ganga Drowning:बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में गंगा ढाव की तेज धारा ने एक परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि चाचा-भतीजे की एक साथ मौत हो गई। दोनों छात्र साइकिल से अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बाढ़ के पानी की तेज धार ने उन्हें अपनी आगोश में ले लिया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि दोनों शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।दर्दनाक हादसा मीरअलीपुर गांव के समीप चेचियाही पुल के पास गंगा ढाव में हुआ। मृतकों की पहचान पंचवीर गांव के वार्ड संख्या-7 निवासी फुलो पासवान के करीब 19 वर्षीय पुत्र अमित कुमार और इसी वार्ड के निवासी राम सोगारथ पासवान के करीब 17 वर्षीय पुत्र सोहन कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजा थे और पढ़ाई करते थे।

रिश्तेदार से मिलने निकले थे, रास्ते में मौत ने घेरा

परिजनों के मुताबिक अमित कुमार और सोहन कुमार साइकिल से बहादुरनगर स्थित अपने रिश्तेदार के यहां मिलने जा रहे थे। चेचियाही पुल के पास सड़क का एक हिस्सा बाढ़ के गहरे पानी में डूबा हुआ था। पानी का बहाव बेहद तेज था और सड़क का मोड़ भी साफ नजर नहीं आ रहा था।इसी दौरान अमित कुमार तेज धारा की चपेट में आ गए और गहरे पानी की तरफ बहने लगे। चाचा को डूबता देखकर भतीजे सोहन ने बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। मगर गंगा की तेज धार के सामने दोनों बेबस हो गए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए।

बचाने की कोशिश नाकाम, गोताखोरों ने संभाला मोर्चा

दोनों के पानी में डूबने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से उन्हें तलाशने और बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के चलते तत्काल सफलता नहीं मिली।

इसके बाद प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। साहेबपुर कमाल के मल्हीपुर गंगा घाट से स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने गहरे पानी में उतरकर काफी देर तक दोनों की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बरामद कर लिए गए।शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों के सब्र का बांध टूट गया। चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो उठा। परिवार के लिए यह मंजर बेहद कयामत भरा था—एक ही हादसे में चाचा और भतीजे की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलने के बाद साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद पंचवीर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों ही पढ़ाई कर रहे थे और परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चाचा-भतीजे का यूं दुनिया से चले जाना पूरे गांव के लिए बेहद दर्दनाक हादसा बन गया है।

रिपोर्ट- अजय कुमार शास्त्री