बिहार में शर्मनाक करतूत: महिला उत्पीड़न में बर्खास्त जवान वर्दी पहनकर मेले में युवती के साथ लगाए ठुमके,वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू

बेतिया में बर्खास्त होमगार्ड जवान नितेश कुमार मिश्र का वर्दी में युवती के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महिला उत्पीड़न में बर्खास्त होने के बावजूद वर्दी पहनने पर जांच शुरू हो गई है।

Dismissed home guard jawan Bettiah video viral
बेतिया में बर्खास्त होमगार्ड जवान ने पहनी खाकी और मेले में करने लगा डांस- फोटो : news 4 nation

बिहार के बेतिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बर्खास्त होमगार्ड जवान नितेश कुमार मिश्र का वर्दी पहने हुए एक युवती के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वायरल वीडियो शहर के राज देवढ़ी परिसर में आयोजित एक फैंसी मेले का बताया जा रहा है, जिसने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।


मेले में आइसक्रीम काउंटर पर युवती के साथ लगाए ठुमके

सामने आए वीडियो के अनुसार, बर्खास्त जवान नितेश कुमार मिश्र होमगार्ड की पूरी वर्दी पहनकर मेले में पहुंचे थे। वह वहां आइसक्रीम बिक्री के एक काउंटर पर पहुंचे और आइसक्रीम बेच रही युवती का हाथ पकड़कर उसके साथ ठुमके लगाते और गोल-गोल घूमते हुए नजर आ रहे हैं। इस असहज और आपत्तिजनक हरकत का वीडियो रिकॉर्ड होने के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।


महिला गृहरक्षक के उत्पीड़न मामले में पहले ही हो चुके हैं बर्खास्त

आपको बता दें कि नितेश कुमार मिश्र इससे पहले एक महिला गृहरक्षक के उत्पीड़न के गंभीर मामले में विभाग द्वारा बर्खास्त किए जा चुके हैं। एक दागदार और बर्खास्त कर्मी द्वारा दोबारा होमगार्ड की आधिकारिक वर्दी पहनकर इस तरह सार्वजनिक कार्यक्रम में घूमने और अछूती हरकतें करने पर आम जनता और महकमे के भीतर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।


बर्खास्तगी के बाद भी वर्दी पहनने पर उठ रहे गंभीर सवाल

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब आरोपी जवान को पहले ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, तो उसके पास होमगार्ड की वर्दी कहां से आई और वह इसका इस्तेमाल कैसे कर रहा है? बर्खास्तगी के बाद भी सरकारी वर्दी पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह घूमने की अनुमति और लापरवाही को लेकर पुलिस और होमगार्ड प्रशासन पर भी उंगलियां उठ रही हैं।


होमगार्ड समादेष्टा ने दिए जांच के आदेश, होगी कड़ी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए होमगार्ड समादेष्टा मनीष कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी पूर्व जवान के खिलाफ नियमानुसार और सख्त विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग इस बात की गहराई से पड़ताल कर रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों का है।