Paschim Champaran Crime: पुलिस ने पकड़ी गांजा से भरी कार, दूसरी ओर अज्ञात महिला के शव मिलने से फैली सनसनी

पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को दो बड़ी घटनाएं हुईं। मटयरिया चौक पर पुलिस ने 42.584 किलो गांजा के साथ कार चालक को दबोचा, वहीं विशुनपुरवा चंवर में महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। पढ़ें पूरी खबर।

Paschim Champaran  police Ganja seized  Vishunpurwa Chawar d
42 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, विशुनपुरवा चंवर से महिला का अधजला शव बरामद- फोटो : Reporter

प•चम्पारण के लौरिया थाना क्षेत्र में सोमवार का दिन बेहद सनसनीखेज रहा, जहां एक ही दिन में दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। एक तरफ पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा जब्त किया, तो वहीं दूसरी तरफ एक महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।


मटयरिया चौक पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़

सोमवार को लौरिया थाना क्षेत्र के मटयरिया चौक के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान नरकटियागंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, जिससे स्थिति संदिग्ध हो गई।


पुलिस का पीछा और पेड़ से टक्कर

रुकने के बजाय कार तेजी से भागने लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार मालिक सह चालक अजीत कुमार को मौके पर ही दबोच लिया।


मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वजन और जब्ती

घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए सीओ सह मजिस्ट्रेट आशु रंजन की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। जब्त किए गए सामान का वजन कराने पर कुल 42 किलो 584 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे और वाहन को अपने कब्जे में लेकर लौरिया थाना को सुपुर्द कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


विशुनपुरवा चंवर में मिला महिला का अधजला शव

दिन की दूसरी खौफनाक घटना लौरिया के विशुनपुरवा चंवर से सामने आई, जहां एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के शरीर पर मिले श्रृंगार के निशान—जैसे हाथों में मेहंदी, नाखूनों पर नेल पॉलिश, पैरों में महावर और मांग में सिंदूर—इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि घटना से जुड़े कई पहलू अभी सामने आने बाकी हैं।

प•चम्पारण  से आशिष कुमार की रिपोर्ट