Bihar News : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी, भारी मात्रा में गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : भारत नेपाल सीमा पर जांच के दौरान एसएसबी को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहाँ गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों को मिली बड़ी काम
बिहार पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई- फोटो : SOCIAL MEDIA

BETTIAH : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करते हुए 44 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज के सी-समवाय पचरोता और स्थानीय बिहार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा स्तम्भ संख्या- 431/2 के पास बिरांची गांव के नजदीक दोनों बलों द्वारा एक संयुक्त गश्त अभियान चलाया जा रहा था। इस रुटीन चेकिंग के दौरान सुरक्षा बलों को सीमा पार से आ रही गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश था।

संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दबोचा गया

संयुक्त गश्त के दौरान सुरक्षा बलों ने देखा कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर नेपाल की तरफ से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा था। एसएसबी के मुख्य आरक्षी (सा.) संजय कुमार दत्ता की टीम और बिहार पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नजदीक आने पर रुकने का इशारा किया। सुरक्षा बलों को देखकर मोटरसाइकिल सवार सकपका गया, जिसके बाद टीम ने उसे घेराबंदी कर रोक लिया।

तलाशी में मिला 9 किलो से अधिक गांजा

मोटरसाइकिल सवार को रोकने के बाद जब सुरक्षा बलों ने उसकी और उसकी गाड़ी की सघन तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। तलाशी के दौरान उस व्यक्ति के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। वजन करने पर पकड़े गए नशीले पदार्थ की कुल मात्रा 9.066 किलोग्राम मादक पदार्थ "गांजा" पाई गई, जिसे अवैध रूप से तस्करी कर लाया जा रहा था।

तस्कर की हुई पहचान

सुरक्षा बलों की पूछताछ और छानबीन में पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रामकिशन यादव के रूप में हुई है, जो कि पश्चिम चंपारण के मलदहिया का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि वह इस भारी मात्रा में गांजे को नेपाल से कम दामों में खरीदकर भारत के स्थानीय बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचने के इरादे से लेकर आ रहा था।

थाने को सुपुर्द, आगे की कार्रवाई जारी

मादक पदार्थों की इस बड़ी खेप को जब्त करने के बाद सुरक्षा बलों ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पकड़े गए तस्कर रामकिशन यादव को बरामद गांजे और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय मानपुर पुलिस थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में तस्कर के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की तलाश कर रही है।

आशीष की रिपोर्ट