Bettiah Accident News: छठ पूजा के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, मझौलिया में 7 लोग गंभीर रूप से घायल

पश्चिमी चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के लाल सरैया चौक पर छठ पूजा के दिन एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भीषण टक्कर मारकर सात लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर घायलों को GMCH बेतिया भेजा है।

Bettiah Accident News
पश्चिम चंपारण में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, 7 जख्मी- फोटो : Reporter

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर एक तरफ जहां पूरा इलाका भगवान भास्कर की आराधना और उल्लास में डूबा हुआ था, वहीं पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बेतिया-मोतिहारी मुख्य मार्ग स्थित एनएच-727 के लाल सरैया चौक पर देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कहर बरपाते हुए कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।


स्कॉर्पियो और बाइक की भीषण टक्कर में सात लोग गंभीर रूप से घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाल सरैया चौक के पास स्कॉर्पियो और एक बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना की चपेट में आने से कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर भारी अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।


घायलों की हुई पहचान, जीएमसीएच बेतिया में चल रहा इलाज

इस दर्दनाक हादसे में घायल होने वालों की पहचान लाल सरैया पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी अशोक चौधरी, ललिता चौधरी, आराध्या चौधरी, अनन्या चौधरी, विनोद चंद्रशील, मोहम्मद ओसामा और सोनू आलम के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को त्वरित कार्रवाई करते हुए बेहतर इलाज के लिए बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) भिजवाया।


पुलिस ने वाहनों को अपने कब्जे में लिया, पीड़ित परिवारों में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल और घायलों के घरों में कोहराम मच गया तथा पीड़ित परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो और बाइक दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई एवं मामले की जांच शुरू कर दी है।

प•चम्पारण से आशिष कुमार की रिपोर्ट