Bihar News: गंगा ने निगल ली मासूम की जिंदगी, नहाने गया 11 साल का रुपेश गहरे पानी में समाया, गांव में मातम
Bihar News: गंगा नदी ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। खेल-खेल में दोस्तों के साथ नहाने गया 11 वर्षीय रुपेश कुमार देखते ही देखते गहरे पानी के भंवर में समा गया।...
Bihar News: भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठा गांव में बुधवार को गंगा नदी ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। खेल-खेल में दोस्तों के साथ नहाने गया 11 वर्षीय रुपेश कुमार देखते ही देखते गहरे पानी के भंवर में समा गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान भिट्ठा गांव निवासी विनोद हरिजन के पुत्र रुपेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रोज की तरह रुपेश गांव के अन्य बच्चों के साथ गंगा नदी के पुरानी दुर्गा स्थान घाट पर स्नान करने गया था। बच्चे नदी में अठखेलियां कर रहे थे, तभी रुपेश अचानक गहरे पानी की तरफ बढ़ गया। कुछ ही पल में उसका संतुलन बिगड़ा और वह तेज बहाव की चपेट में आ गया।मौके पर मौजूद बच्चों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा की धार ज्यादा ताकतवर साबित हुई। देखते ही देखते रुपेश पानी में लापता हो गया। खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी तादाद में लोग घाट पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने बच्चे को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा।
पिता विनोद हरिजन ने नम आंखों से बताया कि उन्हें आखिरी वक्त तक बेटे के जिंदा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गंगा किनारे सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में हर तरफ मातम पसरा है और रुपेश की असमय मौत से पूरा इलाका गमगीन है।