Bihar News : भागलपुर में मिड डे मील खाने के बाद 15 बच्चों की बिगड़ी तबियत, सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज, डीईओ बोले-जांच के बाद होगी कार्रवाई

Bihar News : भागलपुर में मिड डे मील खाने के बाद 15 बच्चों की

BHAGALPUR : जिले के शाहजंगी गंगोटा मैदान स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मिड डे मील खाने के बाद करीब 15 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत के बाद आनन-फानन में एंबुलेंस से सदर अस्पताल भागलपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में बच्चों को छोले-चावल परोसा गया था। 

कई बच्चों ने बताया कि छोले का स्वाद काफी खट्टा लग रहा था, लेकिन भूख के कारण उन्होंने भोजन कर लिया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने लगे और उनकी हालत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

इधर घटना के बाद अस्पताल में स्कूल प्रबंधन की गैर मौजूदगी को लेकर अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी गई। परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां न तो शिक्षक मौजूद थे और न ही प्रधानाचार्य, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। बताया जा रहा है कि आज से ही एक एनजीओ के माध्यम से स्कूलों में मिड डे मील वितरण की शुरुआत हुई थी। 

हालांकि इसी भोजन को अन्य स्कूलों में भी भेजा गया था, लेकिन वहां से इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चों की हालत पर नजर रखी जा रही है और जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

अंजनी कश्यप की रिपोर्ट