Bihar Traffic Jam:विक्रमशिला सेतु पर लगा दो किलोमीटर लंबा जाम, बिना हादसे थमी रफ्तार, लोग परेशान
Bihar Traffic Jam: विक्रमशिला सेतु पर शनिवार सुबह से लगा भीषण जाम अब सियासी बहस का मुद्दा बनता जा रहा है।....
Bihar Traffic Jam: भागलपुर से नवगछिया तक फैला विक्रमशिला सेतु आज सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि प्रशासन की नाकामी का खुला इज़हार बन गया है। विक्रमशिला सेतु पर शनिवार सुबह से लगा भीषण जाम अब सियासी बहस का मुद्दा बनता जा रहा है। हैरत की बात यह है कि न कोई हादसा हुआ, न कोई गाड़ी खराब हुई, फिर भी ट्रैफिक पूरी तरह ठप पड़ा हैजिसने प्रशासनिक तैयारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जीरोमाइल से लेकर नवगछिया के जहान्वी चौक तक गाड़ियों की लंबी कतारें इस बात की गवाही दे रही हैं कि जमीनी हकीकत और सरकारी दावों में कितना फर्क है। सबसे ज्यादा परेशानी उन छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को उठानी पड़ रही है, जो वक्त पर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। कई परीक्षार्थियों ने इम्तेहान छूटने का खतरा जताया, तो दफ्तर जाने वाले लोग अपनी हाजिरी को लेकर परेशान नजर आए।
तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच घंटों जाम में फंसे लोग सिस्टम की सुस्ती पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय अवाम का इल्ज़ाम है कि पुल पर ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए एक भी पुलिस अफसर या जवान मौजूद नहीं था। इस गैर-मौजूदगी ने हालात को और ज्यादा संगीन बना दिया, जिससे जाम बेकाबू होता चला गया।
यह मामला अब सिर्फ ट्रैफिक जाम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हुकूमत की कार्यशैली और उसकी प्राथमिकताओं पर भी सवालिया निशान लगा रहा है। अवाम का कहना है कि जब बिना किसी हादसे के ऐसा हाल है, तो किसी इमरजेंसी में क्या होगा?
लोगों ने प्रशासन से फौरन हस्तक्षेप की मांग की है कि मौके पर ट्रैफिक पुलिस तैनात कर हालात को काबू में लाया जाए और इस जाम के सियासी प्रतीक को खत्म किया जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस चुनौती को कितनी तेजी से संभालती है, या फिर यह मुद्दा भी सियासी बयानबाजी में ही उलझ कर रह जाएगा।
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप