Bihar News : भागलपुर के टेक्नो मिशन स्कूल के छात्र ने पंखे से लटककर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News : भागलपुर में बारहवीं के छात्र ने पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.....पढ़िए आगे
BHAGALPUR : जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित नवाब कॉलोनी से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले 12वीं (कॉमर्स) के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद स्कूल और हॉस्टल परिसर में दहशत का माहौल व्याप्त है।
भाई के नीचे खेलने जाते ही उठाया आत्मघाती कदम
मृतक छात्र की पहचान सन्हौला थाना क्षेत्र के मधुवनपुर गांव निवासी अवधेश उर्फ पप्पू के 20 वर्षीय पुत्र आदित्य के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आदित्य हॉस्टल में अपने छोटे भाई के साथ रहकर पढ़ाई करता था। शनिवार को जब उसका छोटा भाई कमरे से नीचे खेलने के लिए गया, उसी दौरान आदित्य ने कमरे के भीतर पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
छोटे भाई ने सबसे पहले देखा मंजर
खेलकर वापस लौटे छोटे भाई ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला, सामने भाई को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। बच्चे के शोर मचाने पर हॉस्टल प्रबंधन और अन्य छात्र मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत तिलकामांझी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को फंदे से उतारा और मायागंज अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि, कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन और अन्य निजी सामानों की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का सुराग मिल सके।
डीएसपी का बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जानकारी देते हुए सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस हॉस्टल के छात्रों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट