पीपल के नाजुक पत्ते पर चाकू की नोक से उकेरी मुख्यमंत्री की तस्वीर, भागलपुर के मधुरेंद्र की अनोखी कलाकारी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 58वें जन्मदिन पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के एक हरे पत्ते पर उनकी सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर विशेष शुभकामनाएं दीं।मधुरेंद्र कुमार की यह पहली अनूठी कलाकृति है
Bihar News : जन्मदिन पर लोग अपने प्रियजनों को फूल, गुलदस्ता और उपहार देकर बधाई देते हैं, लेकिन भागलपुर के एक कलाकार ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए कला का ऐसा अनूठा तरीका चुना, जिसने सबका ध्यान आकर्षित किया है। महज एक पीपल का हरा पत्ता, चाकू की नुकीली धार और करीब तीन घंटे की मेहनत! इसी से तैयार हुई मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बेहद सूक्ष्म तस्वीर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की इस अनोखी कलाकृति की खासियत देखिए बिहार संवाद की इस विशेष रिपोर्ट में। भागलपुर में कला के जरिए जन्मदिन की बधाई देने का एक अनोखा अंदाज सामने आया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 58वें जन्मदिन पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के एक हरे पत्ते पर उनकी सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर विशेष शुभकामनाएं दीं।
करीब तीन घंटे के कठिन परिश्रम के बाद चाकू की नुकीली धार से तैयार इस कलाकृति में मुख्यमंत्री का चित्र बनाने के साथ अंग्रेजी में 'HAPPY BIRTHDAY SAMRAT CHOUDHARY, CM BIHAR' भी लिखा गया है। पीपल का पत्ता जितना नाजुक होता है, उस पर इतनी बारीकी से किसी व्यक्ति की तस्वीर उकेरना उतना ही चुनौतीपूर्ण होता है। जरा-सी चूक पूरी कलाकृति को खराब कर सकती है। धैर्य, एकाग्रता और हाथों पर बेहतरीन नियंत्रण के जरिए मधुरेंद्र ने इस चुनौती को अपनी कला में बदल दिया।
इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने छठी मैया से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
मधुरेंद्र कुमार की यह पहली अनूठी कलाकृति नहीं है। इससे पहले भी वह अपनी रचनात्मक प्रतिभा से लोगों का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। छठ महापर्व पर पीपल के महज दो सेंटीमीटर के पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों की सूक्ष्म तस्वीर बनाई। अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर रामकथा पार्क में 58 फीट लंबी राम दरबार एवं राम मंदिर की विशाल रेत कलाकृति तैयार की। ब्रिक्स 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपनी कला के माध्यम से विश्व शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश दिया। नवरात्रि में पीपल के पत्ते पर मां दुर्गा की सूक्ष्म कलाकृति बनाकर महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश प्रस्तुत किया।
रेत, मिट्टी और प्राकृतिक पत्तों को अपनी कला का माध्यम बनाकर मधुरेंद्र कुमार लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों को रचनात्मक स्वरूप दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर तैयार की गई यह विशेष कलाकृति भी उनकी इसी कलात्मक सोच का उदाहरण है। एक छोटा-सा पत्ता, तीन घंटे का अथक परिश्रम और जन्मदिन की बड़ी शुभकामना। मधुरेंद्र ने साबित किया कि बधाई देने के लिए उपहार की कीमत नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी मेहनत और भावना मायने रखती है।
फिलहाल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन पर तैयार की गई यह पत्ता कलाकृति अपनी अनूठी बनावट और बारीक कारीगरी के कारण खास चर्चा का विषय बनी हुई है। निश्चित रूप से मधुरेंद्र कुमार की यह कोशिश बताती है कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं और शुभकामनाओं को व्यक्त करने का एक खूबसूरत जरिया भी है।
अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट