विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज निर्माण में आई भारी रफ्तार: BRO ने युद्धस्तर पर एक दिन में बिछाई 170 फीट लोहे की चादर
Bihar News : देश की प्रतिष्ठित निर्माण इकाई बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन द्वारा विक्रमशिला सेतु पर समानांतर बेली ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। बीआरओ द्वारा महज 24 घंटे में 170 फीट हिस्से पर लोहे की चादर बिछा दी गई है....
Bhagalpur : जिले के ऐतिहासिक विक्रमशिला सेतु पर समानांतर बन रहे बेली ब्रिज का निर्माण कार्य अब बेहद तेज गति से आगे बढ़ रहा है। देश की प्रतिष्ठित निर्माण इकाई बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य में तेजी आने से अब इस पुल का स्वरूप साफ नजर आने लगा है, जिससे भागलपुर सहित पूरे अंग क्षेत्र की जनता को जाम की विकराल समस्या से जल्द मुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है।
बीआरओ के अपर महानिदेशक के निरीक्षण के बाद बढ़ा स्पीडोमीटर
इस निर्माण कार्य में आई अचानक तेजी के पीछे सीमा सड़क संगठन (BRO) के शीर्ष नेतृत्व का कड़ा रुख माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बीते बुधवार, 20 मई 2026 को सीमा सड़क संगठन के अपर महानिदेशक (ADG) श्री जितेंद्र प्रसाद (विशिष्ट सेवा पदक) ने खुद विक्रमशिला सेतु पहुंचकर निर्माण स्थल का गहन निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तत्परता बरतने और समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए थे। उनके दौरे के तुरंत बाद निर्माण एजेंसियों ने अपनी ताकत झोंक दी।
महज 24 घंटे में 170 फीट हिस्से पर लोहे की चादर बिछी
अपर महानिदेशक के निरीक्षण का असर कार्यस्थल पर अगले ही दिन साफ तौर पर देखने को मिला। इंजीनियर्स और तकनीकी कर्मियों की टीम ने दिन-रात एक करते हुए महज एक दिन के भीतर पुल के लगभग 170 फीट लंबे हिस्से में लोहे की भारी-भरकम चादर (डेक प्लेट्स) बिछाने का काम रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया। बीआरओ की इस कार्यशैली और गति को देखकर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी हैरान हैं और इस कार्य को समय से पहले पूरा होने की दिशा में बड़ा मील का पत्थर मान रहे हैं।
सुगम यातायात के लिए संजीवनी बनेगा यह बेली ब्रिज
स्थानीय जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु पर गाड़ियों के अत्यधिक दबाव के कारण आए दिन घंटों लंबा जाम लगा रहता है। इस समानांतर बेली ब्रिज के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद मुख्य सेतु से वन-वे ट्रैफिक या छोटे वाहनों के रूट को डाइवर्ट किया जा सकेगा। इससे पुल पर यातायात व्यवस्था को बहुत बड़ी राहत मिलेगी और उत्तर व दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली इस लाइफलाइन पर वाहनों का परिचालन पहले की तुलना में काफी सुगम हो जाएगा।
निर्माण देखने उमड़ रही ग्रामीणों की भीड़, जाम से मिलेगी राहत
पुल पर चल रहे इस आधुनिक और विशाल निर्माण कार्य को देखने के लिए आसपास के इलाकों से स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से विक्रमशिला सेतु पर एम्बुलेंस के फंसने और स्कूली बच्चों के जाम में परेशान होने की तस्वीरें देख रहे थे। अब इस निर्माण कार्य के तेजी से पूरा होने की उम्मीद देखकर आम जनता ने राहत की सांस ली है। लोगों का मानना है कि बीआरओ की यह मुस्तैदी भागलपुर के विकास को एक नई गति देगी।
अंजनी की रिपोर्ट