Bhagalpur Accident: भागलपुर में दो दर्दनाक सड़क हादसे, दो युवकों की मौत, बोलबम श्रद्धालु गंभीर घायल

Bhagalpur Accident: भागलपुर में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो बोलबम श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। 102 एम्बुलेंस सेवा ने घायलों और शवों को मायागंज अस्पताल पहुंचाया।

Bhagalpur Accident

Bhagalpur Accident: भागलपुर जिले में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में बड़ा हादसा हो गया। पहले हादसे में अमरपुर थाना क्षेत्र के किरणपुर के पास बाइक और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में नाथनगर-चंपानगर मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से दो बोलबम श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पहला हादसा रात करीब 9:25 बजे अमरपुर रोड स्थित किरणपुर के पास हुआ। इस हादसे में 23 वर्षीय नितेश कुमार और 30 वर्षीय सौरव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शाहकुंड थाना क्षेत्र के किरणपुर गांव के रहने वाले थे।

हादसे की सूचना मिलते ही Zenplus Pvt. Ltd. द्वारा संचालित 102 मुफ्त एम्बुलेंस सेवा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर पहुंचाया। इसी रात दूसरा सड़क हादसा नाथनगर-चंपानगर मार्ग पर हुआ। यहां मोटरसाइकिल से जा रहे दो बोलबम श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया

घायलों की पहचान 45 वर्षीय हीरालाल मंडल और 35 वर्षीय नंकी देवी के रूप में हुई है। दोनों कुरसेला के नंदीग्राम के रहने वाले हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया। 102 मुफ्त एम्बुलेंस सेवा के क्लस्टर लीडर मुकेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसों की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को जल्द इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भागलपुर से बालमुकुंद की रिपोर्ट