Bhagalpur Bailey Bridge: 1 अक्टूबर से बंद होगा भागलपुर का बेली ब्रिज, मरम्मत के लिए यातायात पर लगेगी पूर्ण रोक

Bhagalpur Bailey Bridge: भागलपुर के विक्रमशिला क्षेत्र में आवागमन की अहम कड़ी माने जाने वाले बेली ब्रिज पर 1 अक्टूबर से पूरी तरह यातायात बंद कर दिया जाएगा।...

Bhagalpur Bailey Bridge
बंद होगा भागलपुर का बेली ब्रिज- फोटो : social Media

Bhagalpur Bailey Bridge: भागलपुर के विक्रमशिला क्षेत्र में आवागमन की अहम कड़ी माने जाने वाले बेली ब्रिज पर 1 अक्टूबर से पूरी तरह यातायात बंद कर दिया जाएगा। पुल की जर्जर स्थिति को दुरुस्त करने और आवश्यक मरम्मत कार्य को अंजाम देने के लिए यह फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मरम्मत के दौरान पुल पर किसी भी तरह के आवागमन की इजाजत नहीं होगी, ताकि काम के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, बेली ब्रिज की मरम्मत का मकसद पुल को दोबारा पहले की तरह मजबूत और सुरक्षित बनाना है। निर्धारित अवधि में आवश्यक तकनीकी और संरचनात्मक कार्य पूरे किए जाएंगे। मरम्मत पूरी होने के बाद पुल की स्थिति की जांच की जाएगी और इसके बाद इसे फिर से आम लोगों तथा वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाएगा।

बेली ब्रिज के बंद होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। खासकर छोटे-बड़े वाहनों और स्थानीय यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा। पुल बंद होने से संभावित यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने में जुटा है।

प्रशासन की ओर से वाहनों और आम लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों तथा उपलब्ध परिवहन साधनों के इस्तेमाल की तैयारी की जा रही है। हालांकि, लोगों की निगाह अब इस बात पर टिकी है कि मरम्मत कार्य कितने समय में पूरा होगा और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है।

1 अक्टूबर की तारीख तय होने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में पुल बंद रहने की अवधि को लेकर भी उत्सुकता है। बेली ब्रिज के पुनः चालू होने तक यातायात व्यवस्था को संभालना प्रशासन के लिए अहम चुनौती होगी।

रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार