भागलपुर में रफ्तार का कहर, दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, 2 युवकों की मौत, दो की हालत गंभीर
Bihar Road Accident:दो बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में दो अन्य युवक घायल हो गए।
Bihar Road Accident:दो बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में दो अन्य युवक घायल हो गए। भागलपुर में सोमवार की शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। परबत्ता थाना क्षेत्र के रोड नंबर-14 में दो बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में दो अन्य युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में मृतकों की पहचान जमुनिया निवासी सियाराम साह के पुत्र मोहन साह ) और मो. कूदो निवासी मो. बबलू के रूप में हुई है। दोनों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, हादसे में मो. सद्दीक के पुत्र मो. ताजिम और कृष्ण यादव के पुत्र अनमोल कुमार घायल हुए हैं। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस और डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों बाइक की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के वक्त वाहनों की रफ्तार कितनी थी। फिलहाल दुर्घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है