Gopal Mandal son missing: गोपाल मंडल का लापता बेटा घर के पास मिला, 48 घंटे बाद खत्म हुई तलाश

Gopal Mandal son missing: भागलपुर के पूर्व विधायक गोपाल मंडल के लापता बेटे तरुण कुमार नीरज को भागलपुर पुलिस ने 24 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। जानें पूरा मामला।

Gopal Mandal son missing
गोपाल मंडल परिवार की चिंता खत्म- फोटो : social media

Gopal Mandal son missing: भागलपुर के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के लापता बेटे तरुण कुमार नीरज को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बरारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज होने के सिर्फ 24 घंटे के अंदर यह सफलता हासिल की। खास बात यह रही कि तरुण अपने ही घर के पास स्थित मुसहरी टोला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से मिला।

जानकारी के अनुसार, यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। 18 मई की शाम तरुण कुमार नीरज का अपने छोटे भाई आशीष मंडल से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों भाइयों के बीच हुई बहस के बाद तरुण गुस्से में घर छोड़कर निकल गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया।

गोपाल मंडल के परिवार में हड़कंप

तरुण के अचानक गायब होने के बाद गोपाल मंडल के परिवार में हड़कंप मच गया। पिछले 48 घंटे तक परिवार, रिश्तेदार और समर्थक लगातार उसकी तलाश करते रहे। भागलपुर के अलावा पूर्णिया, रुपौली, धमदाहा, कटिहार, नवगछिया, मुंगेर, कहलगांव और पीरपैंती समेत कई इलाकों में खोजबीन की गई। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार तलाश के बाद भी तरुण का पता नहीं चला, तब बरारी थाने में उसके लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। मामला पूर्व विधायक के परिवार से जुड़ा होने के कारण भागलपुर के एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार और पुलिस की टेक्निकल सेल की टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से  पता लगाया

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। बुधवार शाम पुलिस ने तरुण कुमार नीरज को बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी टोला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से सकुशल बरामद कर लिया। यह जगह उनके घर से कुछ ही दूरी पर है। तरुण के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।