Bhagalpur storm: मौसम की मार से भागलपुर बेहाल, बिजली व्यवस्था पर सवाल, विधायक रोहित पांडेय ने जताई चिंता

Bhagalpur storm: भागलपुर में आंधी-तूफान से भारी नुकसान के बाद विधायक रोहित पांडेय ने हालात पर चिंता जताई, बिजली बहाली और राहत की मांग की।

Bhagalpur storm
भागलपुर बेहाल- फोटो : freepik

Bhagalpur storm: भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान से हुए नुकसान को लेकर भाजपा विधायक रोहित पांडेय ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस तूफान से बिजली, पानी और दूसरी जरूरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। विधायक रोहित पांडेय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए इस स्थिति को दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि वे हर समय क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

रोहित पांडेय ने बताया कि फिलहाल वह विधानसभा से जुड़े जरूरी काम के कारण क्षेत्र से बाहर हैं, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन, बिजली विभाग और अन्य अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और हर गतिविधि की जानकारी ली जा रही है। विधायक ने बताया कि 26 मई को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, लेकिन देर रात आए दूसरे आंधी-तूफान में कई जगह बिजली के पोल और तार टूट गए। इसके कारण बिजली आपूर्ति फिर से बाधित हो गई।

बिजली विभाग की टीमें लगातार काम कर रही-रोहित पांडेय

रोहित पांडेय ने कहा कि बिजली विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं और कई इलाकों में सुबह तक बिजली बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। दक्षिण क्षेत्र और तिलका मांझी इलाके में भी तेजी से मरम्मत का काम चल रहा है। रोहित पांडेय ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एक प्राकृतिक आपदा है और ऐसी स्थिति में प्रशासन और विभागीय टीमें लगातार मेहनत कर रही हैं। जल्द ही हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि बिजली बहाली में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार रखें, क्योंकि वे कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कर रहे हैं।

नुकसान का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे

विधायक ने कहा कि वह इस आपदा से हुए नुकसान का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। उन्होंने प्रभावित इलाकों के लिए विशेष राहत पैकेज, पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था और जरूरी सेवाओं की जल्द बहाली की मांग करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत भी की गई है। रोहित पांडेय ने यह भी कहा कि जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उनके लिए सर्वे कराया जाएगा और उचित मुआवजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही भागलपुर लौटकर खुद हालात का जायजा लेंगे और प्रभावित लोगों से मिलेंगे।