Bhagalpur JLNMCH: भागलपुर JLNMCH में महिला की मौत पर हंगामा! परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
Bhagalpur JLNMCH: भागलपुर के जेएलएनएमसीएच में मुंगेर की पूजा कुमारी की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जांच की मांग तेज।
Bhagalpur JLNMCH: भागलपुर में मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय पूजा कुमारी (पति—ओमकार देव) की मौत के बाद बुधवार को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार पूजा कुमारी पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान वे लगातार डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन से समुचित इलाज की मांग करते रहे, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना है कि वे वार्ड और ओपीडी के चक्कर लगाते रहे, बावजूद इसके मरीज की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति का आरोप
मृतका के पति ओमकार देव सहित अन्य परिजनों ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अस्पताल में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहने के बावजूद मरीजों की सही देखभाल क्यों नहीं हो पा रही है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन अस्पताल परिसर में एकत्र होकर विरोध जताने लगे। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया सामने
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, हालांकि सूत्रों के अनुसार मामले की जांच की बात कही जा रही है। परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। ओमप्रकाश देव ने कहा कि मेरी पत्नी चार दिनों से भर्ती थी। हम लोग बार-बार डॉक्टरों से इलाज की गुहार लगाते रहे, लेकिन सही ढंग से ध्यान नहीं दिया गया। अगर समय पर इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। हम चाहते हैं कि मामले की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।”
balmukund kumar भागलपुर