Bhagalpur floods: बाढ़ पीड़ितों को 7 हजार की राहत! विधायक रोहित पाण्डेय की मांग पर CM का बड़ा फैसला

Bhagalpur floods: भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों को 7 हजार रुपये की राहत राशि मिल सकती है। विधायक रोहित पाण्डेय की मांग पर CM सम्राट चौधरी ने जिलाधिकारी को सर्वे के निर्देश दिए।

Bhagalpur floods

Bhagalpur floods: भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम इलाके में बाढ़ और जलजमाव से परेशान परिवारों को राहत देने की मांग अब सरकार तक पहुंच गई है। भागलपुर के विधायक रोहित पाण्डेय ने पटना में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर शहरी क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को भी सरकारी सहायता देने की मांग की।


विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि भागलपुर नगर निगम के कई वार्डों और निचले इलाकों में बाढ़ और जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि ग्रामीण इलाकों की तरह शहर में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को भी सरकारी राहत का लाभ मिलना चाहिए।


मुख्यमंत्री ने भागलपुर DM को दिए सर्वे के निर्देश


मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के जिलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों का जल्द सर्वे कराने और पात्र लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से सर्वे पूरा होने और प्रभावित परिवारों की सूची तैयार होने के बाद पात्र परिवारों को 7,000 रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दिए जाने की बात कही गई है।


शहर के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद


भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में बाढ़ और पानी भरने से प्रभावित परिवारों के लिए यह सर्वे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सर्वे के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि किन परिवारों को वास्तव में बाढ़ से नुकसान हुआ है। इसके बाद पात्र परिवारों को सरकारी राहत राशि देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि उनकी कोशिश है कि नगर निगम क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित कोई भी पात्र परिवार सरकारी सहायता से बाहर न रह जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से मामले पर तुरंत कार्रवाई करने और जिला प्रशासन को निर्देश देने के लिए आभार जताया।

Bhagalpur से balmukund kumar