Bihar doctor negligence: बिहार में डॉक्टर की लापरवाही! इलाज में बड़ी चूक! दर्द की शिकायत पर लगाया रेबीज का इंजेक्शन
Bihar doctor negligence: भागलपुर के नवगछिया अस्पताल में महिला मरीज को गलत इंजेक्शन लिखने का मामला सामने आया। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग।
Bihar doctor negligence: भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को एक ऐसी घटना सामने आई जिसने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। नगरह जोनिया की रहने वाली किरण देवी कमजोरी और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थीं। उन्हें उम्मीद थी कि डॉक्टर उनकी जांच कर सही दवा देंगे, लेकिन उनके साथ जो हुआ वह हैरान करने वाला था।
डॉक्टर ने उनकी बीमारी को ठीक से समझे बिना उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन लिख दिया। यह वही इंजेक्शन होता है जो आमतौर पर किसी जानवर के काटने के बाद दिया जाता है। जब किरण देवी दवा लेने के लिए काउंटर पर पहुंचीं, तब उन्हें पता चला कि उनके पर्चे में ऐसी दवा लिखी गई है जो उनकी बीमारी से जुड़ी ही नहीं है। यह जानकर वह गुस्सा हो गईं और वहीं विरोध करने लगीं।
डॉक्टर ने नहीं मानी गलती
किरण देवी का कहना था कि उन्हें जो बीमारी है ही नहीं, उसकी दवा लिखना बहुत बड़ी लापरवाही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह बिना जाने यह इंजेक्शन ले लेतीं, तो उनके साथ कुछ भी गलत हो सकता था। उनका आरोप है कि जब वह दोबारा डॉक्टर के पास शिकायत लेकर गईं तो डॉक्टर ने अपनी गलती मानने के बजाय पर्चे पर लिखी दवा को बस काट दिया और कहा कि अगर नहीं लेना है तो मत लो।
अस्पताल के गेट पर बैठ विरोध करती रहीं महिला
इस बात से नाराज होकर किरण देवी अस्पताल के गेट पर बैठ गईं और करीब दो घंटे तक विरोध करती रहीं। उनका कहना था कि इस तरह की लापरवाही मरीज की जान के साथ खिलवाड़ है और ऐसे डॉक्टर पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले की शिकायत थाने में करेंगी।
अस्पताल के उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को समझाया और शांत कराया। इसके बाद मामला कुछ हद तक शांत हुआ, लेकिन सवाल अब भी बने हुए हैं। इस मामले में डॉ. रवि का नाम सामने आया है, जिन्हें महिला ने जिम्मेदार बताया है। हालांकि, उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
मरीज को गलत इंजेक्शन देना नियम के खिला
अस्पताल के ही एक डॉक्टर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि किसी भी मरीज को गलत इंजेक्शन देना नियम के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि अगर यह इंजेक्शन मरीज को लग जाता, तो शरीर में बेवजह दवा का असर हो सकता था, जो नुकसानदायक भी हो सकता है। घटना के बाद आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस मामले पर नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले की शिकायत जिला अधिकारी और सिविल सर्जन से करेंगे।