Bihar Band News : भागलपुर पुलिस ने 155 संदिग्ध उपद्रवियों की जारी की तस्वीरें, पहचान के लिए आम लोगों से मांगा सहयोग

Bihar Band News : 25 जुलाई को तिलकामांझी चौक पर हुए हिंसक प्रदर्शन और उपद्रव के मामले में भागलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई काफी तेज कर दी है। इसी कड़ी में 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं।

Bihar Band News : भागलपुर पुलिस ने 155 संदिग्ध उपद्रवियों की
उपद्रवियों की तस्वीरें - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : 25 जुलाई को तिलकामांझी चौक पर हुए हिंसक प्रदर्शन और उपद्रव के मामले में भागलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई काफी तेज कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से अब तक 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं। पुलिस ने आम जनता से इन चेहरों की पहचान करने और दोषियों तक पहुंचने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

26 जुलाई 2026 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर जानलेवा हमला किया था। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों सहित भारी मात्रा में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, उपद्रवियों द्वारा आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर भी लाठी-डंडों एवं ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर पुलिस वीडियो फुटेज, सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल माध्यमों के जरिए उपद्रवियों की पहचान में जुटी हुई है। पहचान उजागर करने के उद्देश्य से जारी की गई 155 तस्वीरों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि कानून हाथ में लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति तस्वीरों में दिख रहे संदिग्धों की पहचान करता है, तो वह फोटो क्रमांक के साथ जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों (9031828002, 9031828003, 9031828010, 9031828011, 9031827930) पर तुरंत जानकारी साझा कर सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस ने शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है। जिला प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति बनाए रखने और उपद्रवियों को बेनकाब करने में पुलिस की मदद करने का आग्रह किया है।

भागलपुर से बालमुकुंद कुमार की रिपोर्ट