सिल्क सिटी को मिली 'संजीवनी': भारत-अमेरिका ट्रेड डील से भागलपुरी सिल्क के निर्यात को लगेंगे पंख

अमेरिका द्वारा टेक्सटाइल पर टैरिफ कम करने के फैसले से भागलपुरी सिल्क उद्योग में खुशी की लहर है। निर्यातक जियाउर्रहमान ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है, जिससे स्थानीय बुनकरों की आय और रोजगार बढ़ेगा ।

सिल्क सिटी को मिली 'संजीवनी': भारत-अमेरिका ट्रेड डील से भागल

Bhagalpur : भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम ट्रेड डील ने बिहार की 'सिल्क सिटी' भागलपुर के बुनकरों के लिए खुशहाली के नए द्वार खोल दिए हैं । ट्रंप प्रशासन द्वारा भारतीय टेक्सटाइल उत्पादों पर से 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने के ऐतिहासिक फैसले के बाद अब भागलपुरी सिल्क का अमेरिकी बाजारों में फिर से बोलबाला होगा।

निर्यातकों में नई ऊर्जा का संचार

भागलपुर के बुनकर से बड़े निर्यातक बने जियाउर्रहमान ने इस फैसले का पुरजोर स्वागत किया है । उन्होंने बताया कि टैरिफ बढ़ने के कारण भागलपुरी सिल्क का निर्यात लगभग ठप होने की कगार पर पहुँच गया था, जिससे स्थानीय कारोबारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा था । अब टैक्स में कटौती से भागलपुरी उत्पादों की कीमत अमेरिकी बाजारों में प्रतिस्पर्धी होगी, जिससे मांग में तेजी आने की पूरी उम्मीद है ।

बुनकरों का हुनर, वैश्विक पहचान

जियाउर्रहमान के अनुसार, भागलपुर के बुनकरों द्वारा तैयार की गई बारीक कारीगरी की मांग दुनिया भर में है । उन्होंने दावा किया कि जो गुणवत्ता और पारंपरिक हुनर भागलपुर के कारीगरों के पास है, वह दुनिया के किसी अन्य कोने में मिलना संभव नहीं है । अमेरिकी ग्राहकों को भागलपुर का हस्तशिल्प और सिल्क बहुत पसंद आता है, जो इस ट्रेड डील के बाद अब आसानी से उन तक पहुँच सकेगा ।

पीएम मोदी की पहल का परिणाम

इस सफलता का श्रेय जियाउर्रहमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक पहल को दिया है । उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने बुनकरों और छोटे आर्टिजन की समस्याओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से रखा, जिसका परिणाम आज हमारे सामने है । इस पहल से न केवल निर्यात बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों बुनकरों और उनके परिवारों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा ।

रोजगार और आय में होगी वृद्धि

टैरिफ हटने से न केवल सिल्क उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि इससे जुड़े लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे । जियाउर्रहमान का मानना है कि अब विदेशी ऑर्डर्स में बढ़ोतरी होगी, जिससे भागलपुर की आर्थिक स्थिति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी । यह डील क्षेत्रीय विकास और 'मेक इन इंडिया' को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी ।

Report - balmukund kumar