Bihar Police: भागलपुर में SSP पर कांस्टेबल ने तानी बंदूक,रात में पहुंचे थे थाने का निरीक्षण करने

Bihar Police: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार जब कोतवाली थाना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे, तो मुख्य गेट पर ड्यूटी में तैनात महिला कांस्टेबल ने एसएसपी पर हथियार तान दिया...

Bhagalpur SSP Stopped at Gate as Constable Raises Gun
SSP पर कांस्टेबल ने तानी बंदूक- फोटो : social Media

Bihar Police: भागलपुर में रविवार देर रात पुलिस की सतर्कता का एक दिलचस्प मामला सामने आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार जब कोतवाली थाना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे, तो मुख्य गेट पर ड्यूटी में तैनात महिला कांस्टेबल ने उन्हें रोक दिया। इतना ही नहीं, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संतरी ने एसएसपी पर हथियार भी तान दिया। अचानक बने इस हालात से कुछ देर के लिए थाना परिसर में गंभीरता का माहौल पैदा हो गया।

जानकारी के अनुसार, एसएसपी प्रमोद कुमार देर रात जिले के अलग-अलग थानों का निरीक्षण करने निकले थे। इसी क्रम में रात करीब 10 बजे वह कोतवाली थाना पहुंचे। उस वक्त मुख्य गेट पर महिला कांस्टेबल नेहा कुमारी संतरी ड्यूटी पर तैनात थीं। एसएसपी के गेट पर पहुंचते ही नेहा ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उन्हें रुकने का निर्देश दिया और पहचान सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरती। स्थिति को देखते हुए एसएसपी ने भी सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किया और अपनी पहचान के साथ निर्धारित कोड स्पष्ट किया। पहचान और कोड की पुष्टि होने के बाद कांस्टेबल ने तुरंत हथियार नीचे कर दिया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को सलामी दी और उन्हें थाना परिसर में प्रवेश करने दिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रात के वक्त थाना परिसर की सुरक्षा को लेकर संतरी को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए जाते हैं। निर्धारित समय के बाद परिसर में आने वाले किसी भी व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करना सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है। संदिग्ध स्थिति में संतरी को व्यक्ति को रोकने और सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक कदम उठाने का अधिकार होता है।

इस घटना में महिला कांस्टेबल ने सामने मौजूद व्यक्ति की पहचान की पुष्टि होने तक अपनी सतर्कता बरकरार रखी। पुलिस महकमे में इसे ड्यूटी के दौरान सतर्कता और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है। घटना यह भी दिखाती है कि थाना सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों के मामले में भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होता है।

ब्यूरो रिपोर्ट