Bhagalpur Bribe:भागलपुर में रिश्वतखोर स्टेनो गिरफ्तार, 70 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा गया

Bhagalpur Bribe: भागलपुर में स्टेनो 70 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया। इस दौरान निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

Bhagalpur Bribe
भागलपुर में रिश्वतखोर स्टेनो गिरफ्तार, 70 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा गया निगरानी का बड़ा एक्शन, 70 हजा- फोटो : news4nation

Bhagalpur Bribe: भागलपुर में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय में कार्यरत स्टेनो प्रेम कुमार को 70 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उसके सहयोगी मयंक कुमार को भी टीम ने मौके से दबोच लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाथनगर आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत अभिजीत कुमार से सेवा संपुष्टि के नाम पर 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पटना से निगरानी विभाग की टीम विद्यांचल प्रसाद के नेतृत्व में भागलपुर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया।

कार्रवाई के दौरान प्रेम कुमार ने रिश्वत की रकम अपने सहयोगी मयंक कुमार को देने को कहा। जैसे ही अभिजीत कुमार ने पैसे सौंपे, निगरानी टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।गौरतलब है कि प्रेम कुमार का नाम इससे पहले भी चर्चित सृजन घोटाले में सामने आ चुका है और वह उस मामले में जेल भी जा चुका है। वह पूर्व में जिलाधिकारी (DM) का पीए रह चुका था और वर्तमान में एसडीएम कार्यालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत था।

आरोपियों को अपने साथ पटना ले गई निगरानी विभाग की टीम

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ पटना ले गई, जहां आज उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया गया। अदालत में पेशी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग की इस सख्त कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।

भागलपुर से बलमुकुंद कुमार की रिपोर्ट