गाली-गलौज फिर MVI ने सिपाही को जड़ा थप्पड़! भागलपुर DTO ऑफिस का मामला सीसीटीवी में कैद!

भागलपुर जिला परिवहन कार्यालय में चलन्त दस्ता सिपाही विजय कुमार राय ने मोटरयान निरीक्षक (MVI) राजू कुमार पर गाली-गलौज और थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगाया है। सिपाही ने DTO भागलपुर को आवेदन देकर CCTV फुटेज जांच और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

Bhagalpur DTO Office Dispute
गाली-गलौज फिर MVI ने सिपाही को जड़ा थप्पड़!- फोटो : news 4 nation AI

बिहार के सरकारी दफ्तरों में पावर और पैसे का खेल अब अनुशासन की सीमाएं लांघने लगा है। इसकी ताजा बानगी भागलपुर जिला परिवहन कार्यालय में देखने को मिली, जहां एक खाकी वर्दीधारी सिपाही ने मोटरयान निरीक्षक (MVI) पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। भागलपुर जिला परिवहन कार्यालय में तैनात चलंत दस्ता सिपाही विजय कुमार राय ने MVI राजू कुमार पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) को लिखित आवेदन दिया है। इसके अलावा, पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाते हुए इस शिकायत पत्र की प्रतिलिपि राज्य परिवहन आयुक्त (पटना), प्रमंडलीय आयुक्त (भागलपुर) और जिलाधिकारी (भागलपुर) को भी भेजी है।

घटना का विवरण: बिना वजह गाली-गलौज और थप्पड़ जड़ने का दावा

सिपाही विजय कुमार राय के अनुसार, यह घटना 11 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:50 बजे की है। पीड़ित सिपाही का आरोप है कि एमवीआई राजू कुमार ने बिना किसी ठोस वजह के अचानक उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सिपाही ने इस व्यवहार का विरोध किया, तो निरीक्षक आपा खो बैठे और उनके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ जड़ दिए। सिपाही का यह भी कहना है कि आरोपी अधिकारी द्वारा उनके साथ पहले भी बदसलूकी की जा चुकी है, जिसकी सूचना उन्होंने पूर्व में भी DTO को दी थी।

सहयोगियों ने बचाया: सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

आवेदन में जिक्र किया गया है कि घटना के समय कार्यालय परिसर में अन्य कई चलंत दस्ता सिपाही मौजूद थे। मौके पर मौजूद स्वर्ण विकास, विशाल कुमार, विजेंद्र कुमार, सत्यम कुमार, दिनेश राम, बिक्रम कुमार, मनोज कुमार और अन्य कर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर पीड़ित सिपाही को बचाया। पीड़ित का यह भी दावा है कि यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में साफ तौर पर कैद हो गई है, जिसकी फुटेज जांच के लिए एक अहम सबूत के रूप में उपलब्ध है।

निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग से विभाग में हड़कंप

पीड़ित सिपाही विजय कुमार राय ने जिला परिवहन अधिकारी से गुहार लगाई है कि कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्षता से जांच कराई जाए और आरोपी मोटरयान निरीक्षक राजू कुमार के विरुद्ध कानून के सुसंगत प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। एक ही विभाग के भीतर एक अधिकारी और कर्मचारी के बीच हुए इस तीखे विवाद और मारपीट की खबर सामने आते ही भागलपुर परिवहन विभाग के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

धीरज पराशर की रिपोर्ट