Bihar Census 2027: भागलपुर में ऑनलाइन जनगणना शुरू! 1 मई तक खुद भर सकेंगे जानकारी
Bihar Census 2027: भागलपुर में 17 अप्रैल से शुरू होगी ऑनलाइन जनगणना शुरू हो चुकी है. इस दौरान 1 मई तक खुद से जानकारी भरने की सुविधा दी गई है.
Bihar Census 2027: भागलपुर जिले में 17 अप्रैल से जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसको लेकर गुरुवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार में इस बार जनगणना मकानों की सूची बनाने और उनकी गिनती से शुरू होगी।
डीएम ने कहा कि इस बार जनगणना का काम पूरी तरह ऑनलाइन पोर्टल के जरिए किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया आसान होगी और काम में साफ-सफाई बनी रहेगी। लोगों को 1 मई 2026 तक खुद से अपनी जानकारी भरने की सुविधा दी गई है। यानी कोई भी व्यक्ति पोर्टल पर जाकर अपना विवरण खुद दर्ज कर सकता है।
भागलपुर जिलाधिकारी ने दी जानकारी
भागलपुर जिलाधिकारी ने बताया कि पोर्टल पर जाने के बाद सबसे पहले राज्य चुनना होगा और कैप्चा भरना होगा। इसके बाद नाम और मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी के जरिए सत्यापन किया जाएगा। फिर भाषा चुनकर अपना जिला और नजदीकी जगह बतानी होगी। इसके बाद लोगों के सामने कुल 33 सवाल आएंगे, जिनका जवाब देना होगा। ये सवाल मकान, परिवार और घर में उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े होंगे। परिवार का मुखिया यह जानकारी भर सकता है। जब तक फॉर्म सबमिट नहीं किया जाता, तब तक उसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
कर्मचारी घर-घर जाएंगे
डीएम ने बताया कि जैसे ही फॉर्म सबमिट होगा, एक यूनिक आईडी मिलेगी। इस आईडी को संभालकर रखना जरूरी है। लोग इसे लिखकर या स्क्रीनशॉट लेकर सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि 2 मई से जब कर्मचारी घर-घर जाएंगे, तो इसी आईडी की मदद से पहले भरी गई जानकारी को देखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर उसमें सुधार कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
डीएम का निर्देश
डीएम ने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे 17 और 18 अप्रैल को प्राथमिकता के आधार पर अपनी स्व-गणना जरूर पूरी कर लें। इस बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी लखीराम मुर्मू समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।