Bihar Bird Flu: बिहार में बजा बर्ड फ्लू का सायरन, 150 से ज्यादा कौओं की मौत से मचा हड़कंप, 10 KM में हाई अलर्ट, एक्शन मोड में प्रशासन

Bihar Bird Flu: बिहार में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ....

Bird Flu Alert in Bihar 150 Crows Dead 10 km High Alert Zone
बिहार में बर्ड फ्लू का सायरन- फोटो : reporter

Bihar Bird Flu: बिहार में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। भागलपुर जिले के  नवगछिया अनुमंडल परिसर स्थित मैदान में बड़ी संख्या में मृत मिले कौओं की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की तस्दीक के बाद प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। जिला पशुपालन पदाधिकारी अंजली कुमारी ने आधिकारिक तौर पर बताया कि मृत कौओं के सैंपल पटना और भोपाल की उच्च स्तरीय लैब में भेजे गए थे, जहां से आई रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) वायरस की पुष्टि हुई है।

रिपोर्ट सामने आते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सेनेटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य, पशुपालन और वन विभाग की संयुक्त टीमें मैदान में उतर चुकी हैं। इलाके के सभी पोल्ट्री फार्म से सैंपल इकट्ठा किए जा रहे हैं और जीरो सर्विलेंस के तहत दोबारा जांच कराई जा रही है, ताकि संक्रमण की चेन को समय रहते तोड़ा जा सके।

बता दें कि 11 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही जगह पेड़ के नीचे 150 से अधिक मृत कौए पड़े देखे थे। कई कौए तड़पती हालत में मिले थे, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत पक्षियों को सुरक्षित प्रोटोकॉल के तहत हटाया गया। इसके बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए भेजे थे।

जिला प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए एहतियाती कदम सख्ती से लागू किए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में नियमित रूप से सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है और आम लोगों से अपील की गई है कि वे मृत या बीमार पक्षियों के संपर्क में न आएं।

इस संबंध में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी सिन्हा ने बताया कि 11 जनवरी को कौओं की मौत हुई थी। उस समय अत्यधिक ठंड के कारण मौत की आशंका थी, लेकिन सैंपल जांच के लिए बाहर भेजे गए। भारत सरकार से रिपोर्ट आने के बाद पुष्टि हुई कि कौवों की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई है। फिलहाल प्रभावित इलाकों में सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है। इसके अलावा सभी पोल्ट्री फार्म की जीरो सर्विलेंस जांच कराई जाएगी। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद नवगछिया में एहतियात का घेरा कस दिया गया है और प्रशासन हर हलचल पर पैनी नजर बनाए हुए है।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप