Bihar News : भागलपुर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, छोटे भाई पर बड़े भाई की गोली मारकर हत्या का लगा आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Bihar News : बिहार के भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित अलीगंज चौक के पास कबीर आश्रम के समीप जमीन के पुराने विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया है।
BHAGALPUR : जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज चौक स्थित कबीर आश्रम के समीप छोटे भाई पर अपने ही बड़े भाई की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज वारदात में नंदू यादव की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें नंदू यादव की जान चली गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने अपने देवर पर पति को गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस संबंध में बबरगंज थाने में आवेदन देकर शिकायत की गई थी।
पत्नी ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद समय रहते पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, इस आरोप की भी पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल पर करीब पांच राउंड फायरिंग हुई है। गोली लगने से नंदू यादव की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, जमीन विवाद की पृष्ठभूमि और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट