भागलपुर में बाढ़ और कटाव का सीएम सम्राट ने लिया जायजा, हवाई सर्वेक्षण के बाद की उच्चस्तरीय समीक्षा

भागलपुर में बाढ़ और कटाव का सीएम सम्राट ने लिया जायजा, हवाई
बाढ़ और कटाव का सीएम सम्राट ने लिया जायजा- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले के कजिकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर कटाव और बढ़ते जलप्रवाह की स्थिति का जायजा लिया। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री का भागलपुर हवाईअड्डा पर आगमन हुआ, जहां उन्होंने लाउंज में ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ और कटाव की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।


कटाव निरोधी कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश 

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कटाव निरोधी कार्यों को युद्धस्तर पर जारी रखा जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर की स्थिति पर पैनी नजर रखने और कटाव रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और व्यावहारिक उपाय तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा।


सामुदायिक रसोई और राहत सामग्री पहुंचाने पर जोर 

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। जिन घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, वहां के लोगों के लिए पर्याप्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रभावित आबादी के लिए त्वरित रूप से सामुदायिक रसोई शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए गए।


अंतरराज्यीय समन्वय: फरक्का बैराज पर नजर 

जलप्रवाह को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने फरक्का बैराज के गेट खोलने के संदर्भ में पश्चिम बंगाल सरकार से निरंतर संवाद और आवश्यक समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, भागलपुर प्रमंडल, पुलिस प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की निगरानी करने को कहा गया।


उपमुख्यमंत्री समेत वरीय अधिकारी रहे मौजूद 

इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन और जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने आमजन से न घबराने की अपील करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।


बालमुकुंद की रिपोर्ट