भागलपुर में कोरोना की दस्तक से स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, JLNMCH के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीज, अस्पताल में कोरोना प्रोटोकॉल लागू, मास्क हुआ अनिवार्य

Bhagalpur Corona Case: भागलपुर जिले में कोरोना का एक नया मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है।...

Covid Alert in Bhagalpur Patient Admitted at JLNMCH
भागलपुर में कोरोना की दस्तक से स्वास्थ्य महकमा अलर्ट- फोटो : social Media

Bhagalpur Corona Case: भागलपुर जिले में कोरोना का एक नया मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। संक्रमित पाए गए मरीज को तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल  मायागंज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरी व्यवस्था को अलर्ट मोड पर कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मरीज की जांच डॉ. हेमशंकर शर्मा की क्लीनिक में कराई गई थी, जहां उसकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। JLNMCH के अधीक्षक डॉ. एच.के. दुबे ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें मरीज की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। इसके बाद करीब 3 बजे मरीज को अस्पताल लाकर बी-ब्लॉक स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।

अस्पताल प्रशासन अब संक्रमित मरीज की पूरी जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि मरीज भागलपुर जिले का स्थानीय निवासी है या फिर उसकी कोई दक्षिण भारत की यात्रा (ट्रैवल हिस्ट्री) रही है। इसके लिए भर्ती यूनिट के डॉक्टरों को मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और संपर्क से जुड़ी जानकारी एकत्र करने की जिम्मेदारी दी गई है।मरीज मिलने के बाद JLNMCH प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी बढ़ा दी है। अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि कोरोना एक संक्रामक बीमारी है और लापरवाही से इसका प्रसार तेजी से हो सकता है। हालांकि उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने या पैनिक होने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है।

अस्पताल के मेडिसिन विभाग को विशेष रूप से अलर्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का निर्देश दिया गया है। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग अब संक्रमित मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने की तैयारी कर रहा है। जरूरत पड़ने पर संपर्क में आए लोगों की जांच भी कराई जा सकती है। साथ ही अस्पताल प्रशासन मरीज की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव के बीच स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। भागलपुर में सामने आया यह मामला प्रशासन के लिए सतर्कता का संकेत है। फिलहाल स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को केवल सावधानी बरतने की जरूरत है।