Bhagalpur Dengue: भागलपुर में डेंगू का डंक, मच्छरों के बीच बेहाल ग्रामीण

Bhagalpur Dengue: डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ने से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है।...

Bhagalpur Dengue:  भागलपुर  में डेंगू का डंक, मच्छरों के बीच
भागलपुर में डेंगू का डंक- फोटो : reporter

Bhagalpur Dengue: भागलपुर जिले के गोपालपुर प्रखंड स्थित धरहरा गांव में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ने से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। गांव में अब तक दर्जनों लोगों के डेंगू से पीड़ित होने की बात सामने आई है। इनमें कुमार आशुतोष, सूचित कुमार, मोना कुमारी समेत कई अन्य मरीज शामिल बताए जा रहे हैं। बीमारी के बढ़ते मामलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि डेंगू के लगातार सामने आ रहे मामलों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक गांव में नहीं पहुंची। न तो व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया और न ही ग्रामीणों को डेंगू से बचाव को लेकर जरूरी जानकारी दी गई। इससे लोगों में बीमारी के और फैलने का अंदेशा बना हुआ है।डेंगू पीड़ितों के परिजनों के मुताबिक गांव में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। जगह-जगह गंदगी और पानी जमा रहने से मच्छरों की तादाद बढ़ रही है। ऐसे में ग्रामीणों को आशंका है कि अगर तत्काल मच्छररोधी अभियान नहीं चलाया गया तो संक्रमण और विकराल रूप ले सकता है।

डेंगू पीड़ित की मां मधु भारती ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बीमारी फैलने के बावजूद अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में हालात देखने तक नहीं पहुंची है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग कराने की मांग की है, ताकि मच्छरों पर नियंत्रण पाया जा सके।वहीं मुखिया प्रतिनिधि विजय कुमार ने बताया कि धरहरा में डेंगू के बढ़ते मामलों की सूचना प्रखंड चिकित्सा प्रभारी को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि गांव में व्यापक स्तर पर मच्छररोधी अभियान चलाना बेहद जरूरी है। समय रहते फॉगिंग और साफ-सफाई नहीं हुई तो हालात बिगड़ सकते हैं।

इधर, गोपालपुर पीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधांशु कुमार ने बताया कि कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों में डेंगू की जांच कराई थी। उनकी डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि गांव में फॉगिंग कराई जाएगी और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।फिलहाल ग्रामीणों की नजर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। दर्जनों संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की सूचना के बीच गांव में मच्छररोधी अभियान तेज नहीं हुआ तो बीमारी के फैलाव को रोकना चुनौती बन सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मेडिकल टीम भेजकर जांच, जागरूकता, फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मांग की है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार