Bihar News : भागलपुर की 'लाइफलाइन' विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज का पहला स्लैब तैयार, दूसरे स्लैब के लिए तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

Bihar News : विक्रमशिला सेतु पर बनाए जा रहे वैकल्पिक बेली ब्रिज के पहले स्लैब का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीँ दूसरे स्लैब का निर्माण कार्य भी तेज गति से शुरू कर दिया है।

Bihar News : भागलपुर की 'लाइफलाइन' विक्रमशिला सेतु पर बेली ब
बेली ब्रिज का पहला स्लैब तैयार- फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर चल रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य में बड़ी सफलता मिली है। पुल पर बनाए जा रहे अस्थायी बेली ब्रिज के पहले स्लैब का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही दूसरे स्लैब का निर्माण कार्य भी तेज गति से शुरू कर दिया गया है।

प्रशासन इस परियोजना को लेकर पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। रात-दिन लगातार काम जारी है ताकि जल्द से जल्द लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। देर रात तक भारी मशीनों और आधुनिक उपकरणों की सहायता से निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान तथा तकनीकी विशेषज्ञ लगातार मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा और गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले स्टील ट्रांसम और गर्डर्स का उपयोग किया जा रहा है।

गौरतलब है कि विक्रमशिला पुल भागलपुर को नवगछिया एवं सीमांचल क्षेत्र से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। पुल पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बेली ब्रिज का निर्माण आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

प्रशासन का लक्ष्य है कि दूसरे स्लैब का निर्माण भी रिकॉर्ड समय में पूरा कर जल्द से जल्द इस वैकल्पिक मार्ग को आवागमन के लिए चालू किया जाए। निर्माण कार्य की रफ्तार और अधिकारियों की मुस्तैदी को देखते हुए लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही विक्रमशिला पुल पर यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम हो सकेगी।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट