Bihar Flood News : भागलपुर में बाढ़ का कहर, गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की हुई मौत, 1 की हालत गंभीर

Bihar Flood News : भागलपुर में कोयली खुटहा गांव में सड़क पर जमा गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.....पढ़िए आगे

Bihar Flood News : भागलपुर में बाढ़ का कहर, गहरे पानी में डू
बाढ़ ने ली जान - फोटो : SOCIAL MEDIA

BHAGALPUR : जिले में गंगा नदी के बढ़े जलस्तर और बाढ़ के प्रकोप के बीच एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में सड़क पर जमा गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत जाने के दौरान हुआ हादसा, बचाने के चक्कर में डूबते चले गए लोग

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रोजाना की तरह खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में सड़क पर बाढ़ का पानी बह रहा था, लेकिन पानी की गहराई का सटीक अंदाजा न होने के कारण परिवार के कुछ सदस्य गहरे गड्ढे में चले गए। एक सदस्य को डूबता देख परिवार के अन्य लोग उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी गहरे पानी में समाते चले गए।

मायागंज अस्पताल में 5 को मृत घोषित किया गया, इलाज जारी

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है, वहीं तीन अन्य लोगों का उपचार फैब्रिकेटेड अस्पताल में जारी है।

एक ही परिवार के 5 सदस्यों की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी

मृतकों की पहचान मंचों देवी, सोनाक्षी कुमारी, प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार और अंशु प्रिया के रूप में हुई है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस, स्थानीय पंचायत के मुखिया और जनप्रतिनिधि तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कोयली खुटहा गांव में पसरा सन्नाटा, चीख-पुकार से गमगीन हुआ माहौल

एक साथ परिवार के पांच चिराग बुझने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, कोयली खुटहा में शोक की लहर दौड़ गई। मायागंज अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने अस्पताल पहुंचे हैं।