दुर्गंध और नई मिट्टी से खुला राज : युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थानीय लोगों द्वारा दुर्गंध आने और वहां नई मिट्टी भरे होने की सूचना दिए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध स्थल की खुदाई कराई तो जमीन के अंदर से युवक का शव बरामद हुआ। जांच में पता चला कि पैसे के लेनदेन में युवक की हत्या की गई थी.....

दुर्गंध और नई मिट्टी से खुला राज : युवक की हत्या का पुलिस ने
दुर्गंध और नई मिट्टी से खुला हत्या का राज- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले के ईशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा (विक्रमशिला कॉलोनी) के समीप जमीन के नीचे दफन मिले एक शव के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में उद्भेदन कर लिया है। गत 22 सितंबर को स्थानीय लोगों द्वारा दुर्गंध आने और वहां नई मिट्टी भरे होने की सूचना दिए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध स्थल की खुदाई कराई थी, जिसके बाद जमीन के अंदर से शव बरामद हुआ था।


एसपी सिटी और एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर किया मामले का खुलासा

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा शुक्रवार को सिटी एसपी अतुलेश झा और एसडीपीओ नगर-01 हेमंत सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान किया। दोनो अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों—मो. सलमान उर्फ फेकू और मो. सारिक उर्फ मोनू (दोनों निवासी बरहपुरा)—को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बरामद शव की पहचान मो. सलमान के रूप में की गई।


पैसों के लेन-देन का विवाद बना हत्या की मुख्य वजह

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि 19 सितंबर 2026 को पैसों के लेन-देन से उत्पन्न विवाद के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने और छिपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने शव को जमीन के नीचे दफना दिया था। इस संबंध में ईशाकचक थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या की वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद कर लिए हैं। इनमें 1 कुल्हाड़ी, 2 खंती और 1 कुदाल शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के अन्य सभी पहलुओं और संभावित संलिप्तता की गहराई से जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।


बालमुकुंद की रिपोर्ट