गंगा ने छीन लिया आशियाना पर नहीं डिगी आस्था, भागलपुर में तटबंध पर ही छठी मैया की पूजा की तैयारी
तटबंध पर व्रतियों ने काश बिछाकर उसके ऊपर सूती कपड़ा रखा है। इसी कपड़े पर खरना और ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद तैयार करने के लिए गेहूं को गंगाजल से धोकर सुखाया जा रहा है। न घर है, न आंगन और न ही पूजा की पारंपरिक सुविधाएं, लेकिन छठी मैया के प्रति समर्पण में
भागलपुर के गोपालपुर में गंगा की लहरों ने आशियाना उजाड़ दिया, घर-आंगन छीन लिया, लेकिन छठी मैया के प्रति आस्था और विश्वास को नहीं डिगा सकीं। जिंदगी की तमाम मुश्किलों के बीच लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर विस्थापित परिवारों का जज्बा देखने को मिल रहा है। जिन परिवारों के सिर से घर की छत छिन गई, वे अब खुले आसमान के नीचे ही छठी मैया की पूजा की तैयारी में जुटे हैं।
नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो गई। एक ओर शहर और गांवों में छठ घाट सजाए जा रहे हैं तथा बाजारों में खरीदारी की रौनक है, वहीं दूसरी ओर तटबंध पर रहने वाले विस्थापित परिवारों के लिए छठ की तैयारी संघर्ष, मजबूरी और अटूट श्रद्धा की कहानी बयां कर रही है।
तटबंध पर व्रतियों ने काश बिछाकर उसके ऊपर सूती कपड़ा रखा है। इसी कपड़े पर खरना और ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद तैयार करने के लिए गेहूं को गंगाजल से धोकर सुखाया जा रहा है। न घर है, न आंगन और न ही पूजा की पारंपरिक सुविधाएं, लेकिन छठी मैया के प्रति समर्पण में कोई कमी नहीं है।
व्रती आशा देवी कहती हैं, "छठी मैया जो परीक्षा लेंगी, उसे देने के लिए तैयार हैं। जब तक जान है, यह व्रत नहीं छोड़ेंगे।" उनके शब्दों में उजड़े आशियाने का दर्द भी है और आस्था की अटूट ताकत भी।
तटबंध पर छठ की यह तैयारी समाज को एक बड़ा संदेश दे रही है। गंगा की धारा भले ही इन परिवारों का आशियाना बहा ले गई, लेकिन उनकी आस्था, परंपरा और उम्मीदों को नहीं बहा सकी। सचमुच, छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी विश्वास और आत्मबल के साथ जीवन जीने का नाम है।
बाल मुकुंद की रिपोर्ट