Bihar Fire: सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका,बिहार में आग से आधा दर्जन दुकानें खाक

Bihar Fire: रेलवे स्टेशन के पास स्थित सधुआ बाजार में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल शक्ल अख्तियार कर ली

Half a dozen shops destroyed in Bihar fire cylinder blasts r
सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका- फोटो : reporter

Bihar Fire: रेलवे स्टेशन के पास स्थित सधुआ बाजार में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल शक्ल अख्तियार कर ली और आधा दर्जन से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो गईं। अफरा-तफरी, चीख-पुकार और धमाकों की गूंज से पूरा इलाका थर्रा उठा।बिहार के नवगछिया अनुमंडल में रविवार की भोर उस वक्त दहशत में बदल गई, जब रंगरा थाना क्षेत्र के कटरिया में अचानक भीषण आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुकानों में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे जोरदार धमाके हुए और आसपास के मकानों की खिड़कियां तक कांप उठीं। हालात की नजाकत समझते हुए ग्रामीणों ने पहले बिजली सप्लाई कटवाई, ताकि शॉर्ट सर्किट से आग और न भड़के। इसके बाद पुलिस और दमकल को इत्तिला दी गई।

दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले स्थानीय लोग बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की जद्दोजहद करते रहे, मगर लपटों के सामने कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। सूचना मिलते ही आसपास के फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां बुलाई गईं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाजार का बड़ा हिस्सा खाक हो चुका था।

इस हादसे में कई छोटे व्यापारियों की जिंदगी भर की कमाई राख में तब्दील हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि अगर दमकल थोड़ी देर और लेट होती, तो आग रिहायशी इलाके तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की तफ्तीश में जुटे हैं। शॉर्ट सर्किट, लापरवाही या किसी साजिश—हर एंगल से जांच की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि आखिर चंद मिनटों में बाजार को आग के हवाले किसने कर दिया।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप