Bihar News:कोसी का कहर, नहाने गए तीन दोस्तों को निगल गई दरिया की गहराई, गांव में पसरा मातम

Bihar News: कोसी नदी की तेज धारा और गहराई ने तीन मासूम किशोरों की जिंदगी लील ली। ...

Kosi River Tragedy 3 Friends Drown While Bathing
नहाने गए तीन दोस्तों को निगल गई दरिया की गहराई- फोटो : social Media

Bihar News: कोसी नदी की तेज धारा और गहराई ने तीन मासूम किशोरों की जिंदगी लील ली। नहाने गए पांच दोस्तों की टोली में से तीन दरिया की आगोश में समा गए, जबकि दो किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए।भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड की हरियो पंचायत के महेशपुर गांव में रविवार की दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। 

मृत किशोरों की पहचान महेशपुर गांव के वार्ड नंबर 13 निवासी कैप्टन यादव के पुत्र लक्ष्मण कुमार (13 वर्ष), पिंटू यादव के पुत्र युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14 वर्ष) और शंकर शर्मा के पुत्र नयन कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार की दोपहर पांचों दोस्त गर्मी से राहत पाने के लिए कोसी नदी में नहाने चले गए थे। लेकिन मस्ती-मजाक के बीच अचानक वे गहरे पानी की तरफ चले गए और देखते ही देखते तीनों किशोर धारा में फंस गए।

बताया जाता है कि दो साथी किसी तरह हाथ-पांव मारते हुए किनारे तक पहुंच गए, लेकिन बाकी तीन दोस्त पानी की गहराई में समा गए। घबराए बच्चे गांव की तरफ भागे और लोगों को पूरी बात बताई। खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और सैकड़ों ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए।

सूचना मिलने पर नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थानाध्यक्ष केशव चंद्रा ने तुरंत एनडीआरएफ टीम को खबर दी, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि नवगछिया इलाके में एनडीआरएफ की स्थायी टीम नहीं होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी देर हो जाती है। इस हादसे में भी टीम करीब पांच घंटे बाद पहुंच सकी।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर बचाव दल पहुंच जाता तो शायद किसी की जान बच सकती थी। आखिरकार लंबी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाकर तीनों किशोरों के शव बरामद किए।

इस दर्दनाक हादसे के बाद महेशपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। घर-घर से रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं और परिजनों का हाल बेहाल है। गांव के लोग स्तब्ध हैं जहां कुछ देर पहले बच्चों की हंसी गूंज रही थी, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं की कहानी रह गई है।