देवदूत बने RPF के जवान: पैसेंजर ट्रेन के बाथरूम के पास लावारिस मिला नवजात, सतर्कता से बची मासूम की जान

देवदूत बने RPF के जवान: पैसेंजर ट्रेन के बाथरूम के पास लावार

Bhagalpur - : भागलपुर के नाथनगर स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) ने तत्परता दिखाते हुए एक नवजात शिशु की जान बचाई है। ट्रेन के बाथरूम के समीप लावारिस हालत में मिले इस मासूम को आरपीएफ कर्मियों ने तुरंत संरक्षण में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

ट्रेन के बाथरूम के पास लावारिस मिला मासूम

साहिबगंज-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या: 63431) जैसे ही नाथनगर स्टेशन पर रुकी, ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों की नजर बाथरूम के पास पड़े एक नवजात पर पड़ी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मासूम को लावारिस हालत में वहां छोड़ दिया गया था।

RPF जवानों ने दिखाई त्वरित सक्रियता

स्टेशन पर तैनात हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार ने बिना समय गंवाए सक्रियता दिखाई। उन्होंने तुरंत शिशु को अपने संरक्षण में लिया और उसकी प्राथमिक देखभाल की। इसके बाद मासूम को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट लाया गया।

चाइल्ड लाइन को सौंपी गई सूचना

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस घटना की आधिकारिक सूचना तुरंत चाइल्ड लाइन को दे दी गई है ताकि शिशु का उचित पालन-पोषण और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मासूम को किन परिस्थितियों में और किसके द्वारा ट्रेन में छोड़ा गया था।

स्थानीय लोगों ने की सराहना

रेल पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय यात्रियों और लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है। आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता के कारण एक मासूम की जान सुरक्षित बच सकी।


  • रिपोर्टर: बालमुकुंद कुमार, भागलपुर