बिहार में अनोखा भौकाल: अंतिम संस्कार में गोलियों कि तड़तड़ाहट से दहला इलाका,कानून की उड़ी धज्जियां
बिहार के नवगछिया अनुमंडल के जगतपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक अंतिम संस्कार (शव यात्रा) के दौरान कुछ युवकों ने सरेआम कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी। शोक के माहौल में हथियारों का यह प्रदर्शन अब भारी पड़ने वाला है।
बिहार के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत जगतपुर गांव से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक वृद्ध महिला की अंतिम विदाई के दौरान शोक की जगह हथियारों का भौकाल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, जगतपुर निवासी भवेश यादव की माता के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार के लिए शव यात्रा निकाली गई थी। इसी दौरान श्मशान घाट जाने के रास्ते में कुछ असमाजिक तत्वों ने सरेआम कई राउंड हवाई फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, नामजद आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
शव यात्रा के दौरान हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ युवक कानून को ठेंगे पर रखकर सरेआम अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपियों में गांव के ही दिनेश यादव का पुत्र बमबम यादव भी शामिल है। हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन वीडियो के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
सार्वजनिक स्थल पर हथियारों का प्रदर्शन गंभीर, पुलिस ने शुरू की कड़ी कानूनी कार्रवाई
शव यात्रा जैसे अत्यंत संवेदनशील और सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियारों का यह नंगा नाच प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच और अन्य पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। सार्वजनिक शांति भंग करने और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन के तहत दोषियों के खिलाफ जल्द ही कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट - धीरज पराशर