10 दिनों से लापता 16 वर्षीय केशव का नहीं मिला अबतक सुराग, परेशान परिजन एसएसपी कार्यालय का लगा रहे चक्कर

Bihar News : 10 दिनों से लापता 16 वर्षीय छात्र केशव कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अनहोनी की आशंका से परिजन परेशान है। उसकी वापसी की आस लिए परिजन एसएसपी कार्यालय का चक्कर लगा रहे है..

10 दिनों से लापता 16 वर्षीय केशव का नहीं मिला अबतक सुराग, पर

Bhagalpur : जिले के ईशाकचक थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय छात्र केशव कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस जांच में किसी ठोस प्रगति के अभाव में परिजन बेहद चिंतित और हताश हैं। न्याय और मदद की आस में पीड़ित परिवार अब वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। हर बीतते दिन के साथ केशव के सुरक्षित लौटने की उम्मीदें धुंधली पड़ती जा रही हैं, जिससे पूरा इलाका स्तब्ध है।


15 अप्रैल की सुबह टहलने निकला था किशोर

जानकारी के अनुसार, ईशाकचक थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार का पुत्र केशव 15 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकला था। उसने परिजनों से कहा था कि वह बायपास की ओर जा रहा है, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। केशव का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिसने अनहोनी की आशंका को और गहरा कर दिया है। पिता मुकेश कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है।


होनहार छात्र था केशव, मां का रो-रोकर बुरा हाल

केशव न केवल मिलनसार था, बल्कि पढ़ाई में भी काफी होनहार था। हाल ही में उसने सीबीएसई (CBSE) परीक्षा में 84% अंक हासिल कर अपने परिवार का नाम रोशन किया था। उसके अचानक गायब होने से उसकी मां रश्मी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बस एक ही गुहार लगा रही हैं— "बेटा, तुम जहां भी हो, घर वापस आ जाओ।" परिवार को समझ नहीं आ रहा कि एक मेधावी छात्र के साथ क्या हुआ; क्या वह किसी साजिश का शिकार हुआ है या उसका अपहरण किया गया है।


एसएसपी कार्यालय पहुँचे परिजन, पुलिस की धीमी कार्रवाई पर जताई नाराजगी

पुलिस की ढुलमुल जांच से परेशान होकर परिजनों ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और अपने बेटे को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई। पिता का कहना है कि वे दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस सुराग नहीं दिया गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि केशव किसी गलत हाथों में पड़ सकता है, इसलिए तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की सघन जांच होनी चाहिए ताकि केशव की लोकेशन का पता चल सके।

जल्द ढूंढ लेने का SSP ने दिया आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि पुलिस की एक विशेष टीम इस पर लगातार काम कर रही है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध नंबरों की कॉल डिटेल्स निकाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर संभावित बिंदु पर जांच कर रहे हैं और जल्द ही केशव को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। 

फिलहाल सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर केशव कब तक अपने घर लौट पाता है।


बालमुकुंद की रिपोर्ट