Police Encounter - पुलिस ने ‘फूफा’ को किया ढेर, तीन साल पहले डीएसपी पर चलाई थी गोली
Police Encounter - बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी को एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि तीन साल पहले उसने डीएसपी पर गोली चलाई थी।

Bhagalpur - बिहार में पुलिस अब लगातार अपराधियों का एनकाउंटर कर रही है। बीती रात भी एक कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल उर्फ फूफा को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। उक्त कार्रवाई भागलपुर के नवगछिया में जिला पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से की। फूफा की गिनती जिले के बड़े अपराधियों में होती थी। जिसके मारे जाने के बाद अब पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।
उक्त कार्रवाई रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया धार के पास की गई है। बताया जा रहा है कि रंगरा थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरुदेव दियारा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मीटिंग कर बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। इस सूचना पर STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम छापेमारी करने पहुंची तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस भी जवाबी कार्रवाई की। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ओर से करीब 30 राउंड फायरिंग हुई है। इसमें दो गोली गुरुदेव के सीने और पैर में गोली लगी, जिससे इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी ही मौत हो गई। वहीं गुरुदेव के अन्य साथी भागने में सफल रहे।
गुरुदेव का नाम चर्चा में तब आया था, जब 2022 के मई महीने में एक मक्का लदे ट्रक की लूट हुई थी, जिसके बाद अपराधियों ने ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी थी। इस कांड में पुलिस गुरुदेव को तलाश रही थी।
2022 में डीएसपी को मारी थी गोली
3 जून 2022 को गुरुदेव मंडल उर्फ फूफा को पुलिस पकड़ने के लिए पहुंची थी। तब इसने DSP पर गोली चला दी, जिससे DSP बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में गुरुदेव मंडल के पैर में DSP ने गोली मारी थी। इसके अलावे गुरुदेव मंडल पर पुलिस जिला नवगछिया के अलावा पूर्णिया के धमदाहा थाने में 2017 में लूट का केस दर्ज है। गुरुदेव पर कटिहार जिला के फलका थाने में भी लूटपाट के दो मामले दर्ज हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
एनकाउंटर के बाद FSL की टीम मौके पर पहुंची है और सबूत जुटा रही है। घटना के बाद शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है।